Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 21अप्रैल 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
सगर संभाग की बोर्ड परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधारः हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी के नतीजों में बढ़त
➡️ पन्ना की छात्रा कु. प्रतिभा सिंह बनी स्टेट टॉपर
➡️ संभाग कमिश्नर ने दी विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्राचार्यों को बधाई...
सागर.संभाग मध्यप्रदेश। माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्य प्रदेश, भोपाल द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में सागर संभाग ने पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया है। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकेण्डरी (12वीं) दोनों ही स्तरों पर उत्तीर्ण प्रतिशत में सकारात्मक वृद्धि देखी गई है। बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परिणामों को देखते हुए कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी ने समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्राचार्यों और अधिकारियों को बधाई दी।
पन्ना जिले की गुनौर निवासी छात्रा कु. प्रतिभा सिंह सोलंकी ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल बोर्ड (10वीं) परीक्षा में 500 में से 499 अंक प्राप्त कर पूरे मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। छात्रा कु. प्रतिभा सिंह की इस उपलब्धि पर पूरा सागर संभाग गौरान्वित हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर छात्रा प्रतिभा सिंह से वीडियो कॉल के माध्यम से चर्चा की। उन्होंने छात्रा को इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
संयुक्त संचालक सागर संभाग श्री शत्रुंजय प्रताप सिंह बिसेन ने बताया कि हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) परीक्षा परिणाम वर्ष 2026 में सागर संभाग का कुल हाईस्कूल परीक्षा परिणाम 69.47 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष (68.36) प्रतिशत की तुलना में 1.11 प्रतिशत अधिक है। सागर जिला संभाग में शीर्ष पर रहा, जहाँ उत्तीर्ण प्रतिशत 78.57 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं छतरपुर जिले ने पिछले वर्ष की तुलना में $7.28 प्रतिशत की शानदार वृद्धि की है। इसके बाद दमोह जिले में भी $6.78 प्रतिशत का बड़ा सुधार देखा गया। संभाग के कुल 69 छात्र राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान बनाने में सफल रहे। इसमें सबसे अधिक 20 छात्र छतरपुर जिले से और 16 छात्र सागर जिले से हैं।
इसी प्रकार हायर सेकेण्डरी (कक्षा 12वीं) परीक्षा परिणामों में संभाग ने 5.45 प्रतिशत की प्रभावी बढ़त हासिल की है। इस वर्ष संभाग का कुल परिणाम 72.47 प्रतिशत रहा। छतरपुर जिला 12वीं के परिणामों में भी अव्वल रहा, जहाँ 80.62 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए। सागर जिला 80.19प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा एवं छतरपुर ने पिछले वर्ष की तुलना में $15.96 प्रतिशत और दमोह ने $14.41 प्रतिशत की भारी बढ़त दर्ज कर शैक्षणिक गुणवत्ता में बड़ा बदलाव दिखाया है। कक्षा 12वीं में संभाग के कुल 38 छात्र राज्य की मेरिट सूची में आए हैं, जिनमें अकेले छतरपुर जिले के 19 छात्र शामिल हैं ।
वर्ष 2026 के जिला-वार तुलनात्मक विश्लेषण
सागर संभाग के विभिन्न जिलों में 10वीं एवं 12वीं कक्षा के परिणामों में उल्लेखनीय अंतर देखा गया जिसमें...
सागर जिले में 10वीं का उत्तीर्ण प्रतिशत 78.57प्रतिशत रहा, जिसमें 2.98प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि 12वीं में 80.19प्रतिशत परिणाम के साथ 6.84प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और कुल मेरिट 21 रही।
छतरपुर जिले ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 10वीं में 73.99प्रतिशत (7.28 प्रतिशत वृद्धि) तथा 12वीं में 80.62 प्रतिशत (15.96 प्रतिशत वृद्धि) हासिल किया, वहीं कुल मेरिट 39 रही, जो सबसे अधिक है।
दमोह जिले में 10वीं का परिणाम 60.16 प्रतिशत (6.78 प्रतिशत वृद्धि) और 12वीं का 62.46 प्रतिशत (14.41 प्रतिशत वृद्धि) रहा, कुल मेरिट 13 रही।
टीकमगढ़ में 10वीं 65.28 प्रतिशत (3.95 प्रतिशत वृद्धि) और 12वीं 68.95 प्रतिशत (4.63 प्रतिशत वृद्धि) के साथ कुल मेरिट 13 दर्ज की गई।
पन्ना जिले में 10वीं का परिणाम 74.09 प्रतिशत रहा, जिसमें 2.01 प्रतिशत की कमी आई तथा 12वीं में 77.25 प्रतिशत के साथ 2.72 प्रतिशत की कभी दर्ज हुई, कुल मेरिट 16 रही।
निवाड़ी जिले में 10वीं 64.73 प्रतिशत (5.86 प्रतिशत कमी) और 12वीं 65.4प्रतिशत (1.75 प्रतिशत कमी) के साथ सबसे कम कुल मेरिट 5 दर्ज की गई।
संयुक्त संचालक सागर संभाग श्री शत्रुंजय प्रताप सिंह बिसेन ने बताया कि जहाँ सागर और छतरपुर जिलों ने अपनी शैक्षणिक बढ़त बरकरार रखी है, वहीं दमोह ने अपने प्रदर्शन में बड़ा सुधार किया है। हालांकि, पन्ना और निवाड़ी जिलों के परीक्षा परिणाम में पिछले वर्ष की तुलना में मामूली कमी दर्ज की गई है, जिस पर विभाग द्वारा आगामी सत्र में विशेष ध्यान दिया जाएगा। संयुक्त संचालक ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है ।
शैक्षणिक उपलब्धि, सागर संभाग के बोर्ड परीक्षा परिणामों में छतरपुर और सागर का दबदबा, दमोह ने लगाई लंबी छलांग
माध्यमिक शिक्षा मण्डल मध्य प्रदेश, भोपाल द्वारा वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के साथ ही सागर संभाग के प्रदर्शन में व्यापक सुधार देखने को मिला है। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट है कि संभाग के छात्रों ने न केवल उत्तीर्ण प्रतिशत में बढ़त हासिल की है, बल्कि राज्य स्तरीय मेरिट सूची में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
➡️ हाईस्कूल (10वीं): छतरपुर और दमोह बने इम्प्रूवमेंट लीडर
संभाग का औसत हाईस्कूल परिणाम इस वर्ष 69.47प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 68.36 प्रतिशत से बेहतर है। सागर जिला 78.57 प्रतिशत परिणाम के साथ संभाग में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। छतरपुर जिले ने अपनी शैक्षणिक कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव दिखाते हुए पिछले वर्ष के मुकाबले 7.28 प्रतिशत की वृद्धि की है, जबकि दमोह 6.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ दूसरे स्थान पर रहा। राज्य की टॉप सूची में संभाग के 69 विद्यार्थियों ने जगह बनाई है । इसमें सर्वाधिक 20 छात्र छतरपुर से और 16 छात्र सागर जिले से शामिल हैं।
➡️ हायर सेकेण्डरी (12वीं): 5.45 प्रतिशत की भारी बढ़त के साथ संभाग ने रचा इतिहास
12वीं कक्षा के परिणामों में संभाग ने पिछले साल (67.02 प्रतिशत ) की तुलना में इस बार 72.47 प्रतिशत का आंकड़ा छुआ है। छतरपुर जिला 80.62 प्रतिशत के साथ संभाग का सर्वश्रेष्ठ जिला बनकर उभरा है । ठीक इसके पीछे सागर जिला 80.19 प्रतिशत पर रहा। 12वीं में दमोह जिले ने सबसे चौंकाने वाले परिणाम दिए हैं, यहाँ उत्तीर्ण प्रतिशत में 14.41 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है। 12वीं की मेरिट सूची में संभाग के 38 छात्र आए हैं, जिनमें से अकेले छतरपुर के 19 छात्र हैं, जो जिले की उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था को दर्शाता है।
➡️ पन्ना और निवाड़ी के लिए चुनौतियां
सकारात्मक परिणामों के बीच पन्ना और निवाड़ी जिलों के आंकड़ों में कमी दर्ज की गई है। पन्ना जिले में हाईस्कूल में -2.01प्रतिशत और हायर सेकेण्डरी में -2.72 प्रतिशत की कमी आई है । वहीं निवाड़ी जिले का हाईस्कूल परिणाम 5.86 प्रतिशत नीचे गिरा है । विभाग इन जिलों में परिणाम कम रहने के कारणों की समीक्षा कर आगामी कार्ययोजना तैयार करेगा।
➡️ संभाग के संयुक्त संचालक का संदेश
संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण (सागर संभाग) श्री शत्रुंजय प्रताप सिंह बिसेन ने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों की कड़ी मेहनत और विद्यार्थियों के निरंतर अभ्यास को दिया है। उन्होंने विशेष रूप से छतरपुर और दमोह जिलों की सराहना की, जिन्होंने पिछले वर्ष की तुलना में संभाग के औसत को ऊपर उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, sport news, Sagar commissioner, google trends, mp topper student, mp Board, MP BSE


