Editor in Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: दिसम्बर 30, 2025
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
दिव्यांगजन की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न
पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक ने वितरित किए पुरूस्कार
ब्यूरो.पन्ना। जिला शिक्षा केन्द्र के तत्वाधान में गत सोमवार को शहर के एक निजी मैरिज गार्डन में दिव्यांगजन की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पन्ना विधायक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और विजेता प्रतिभागियों को पुरूस्कार वितरण कर उत्साहवर्धन किया। समग्र शिक्षा अभियान के तहत गत 3 दिसम्बर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर आरंभ हुई दिव्यांग छात्र-छात्राओं की प्रतियोगिताओं के विभिन्न स्तर पर सफल आयोजन के उपरांत इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम में चित्रकला, गायन, नृत्य, रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता सहित नींबू दौड़, गोला फेंक, कुर्सी दौड़ इत्यादि का आयोजन किया गया।
पन्ना विधायक ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के साथ शामिल होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन जीवन में अलग चुनौतियों का सामना करने के बावजूद मेधा अथवा बुद्धि से दिव्यांग नहीं होते। सरकार और समाज के विशेष प्रयासों से अब किसी भी प्रकार की विकलांगता प्रगति में बाधक नहीं है। प्रतियोगी परीक्षाओं और खेल के क्षेत्र में दिव्यांगों ने अपना परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन के बुलंद हौसलों से हर व्यक्ति को सीखने की जरूरत है। जहां चाह वहां राह की सार्थकता को साबित करते हुए इन्होंने इतिहास रचा है। विधायक ने जन्म दिवस अथवा वर्षगांठ जैसे आयोजनों में दिव्यांगजनों के साथ सहभागी बनने तथा हरसंभव मदद की अपेक्षा की। साथ ही कहा कि शारीरिक रूप से विकलांगता संभव है, लेकिन मन से असंभव। उन्होंने दिव्यांग छात्रावास सर्वसुविधायुक्त बनाने तथा सीट बढ़ोत्तरी के लिए आवश्यक प्रयास की बात भी कही।
खेल प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने वाले दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल हमें अनुशासन सिखाता है। इसमें कोई हार नहीं होती, बल्कि जीत या सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफल होने के लिए समर्पण का भाव आवश्यक है। दिव्यांगों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विधायक द्वारा अवगत कराया गया।
नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय ने कहा कि दिव्यांगजनों के जीवन से हमें प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। असली शक्ति शरीर में नहीं, बल्कि मन में निहित है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव ने दिव्यांगजनों की विभिन्न आवश्यकताओं के संबंध में ध्यान आकृष्ट कराया। मनोज केसरवानी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में कई खूबियां होती हैं। हमें सामाजिक जिम्मेवारी के साथ इनका पूर्ण सहयोग करना चाहिए। नपा उपाध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि दिव्यांगता कोई अभिशाप नहीं है। दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास से हर दिव्यांग बच्चा अपनी मंजिल पा सकता है। कार्यक्रम के शुभांरभ पर डीपीसी अजय गुप्ता ने दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
Tag:
Aapka News Star, sports news, Political News, panna collector Usha parmar, Panna PRO, Ajayagrh Panna news, Panna local news, latest news, Political


