Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्यप्रदेश: 01 जुलाई 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
4.5 करोड़ के कॉलेज भवन में दरारें, NSUI ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
दोषी ठेकेदार-अधिकारियों पर FIR और निलंबन की मांग, जांच न होने पर आंदोलन की चेतावनी...।
अजयगढ़ ब्यूरो.पन्ना। शासकीय महाविद्यालय अजयगढ़ के 4.5 करोड़ की लागत से बने भवन में गंभीर निर्माण अनियमितताओं को लेकर NSUI ने कलेक्टर पन्ना के नाम SDM अजयगढ़ को ज्ञापन सौंपा। NSUI जिलाध्यक्ष आकाश जाटव के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में दोषी ठेकेदार, इंजीनियरों और अधिकारियों पर FIR, निलंबन और कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
3-4 साल में ही जर्जर हुआ भवन:
ज्ञापन में बताया गया कि PWD द्वारा लगभग 4.5 करोड़ की लागत से बने इस भवन का हैंडओवर 3-4 वर्ष पूर्व महाविद्यालय को दिया गया था। इतने कम समय में ही भवन की दीवारों, बाउंड्रीवॉल और अन्य संरचनाओं में बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं। कई जगह दीवारें कमजोर होकर क्षतिग्रस्त हो रही हैं।
1000 छात्रों की जान को खतरा:
यह भवन प्रतिदिन लगभग 1000 छात्र-छात्राओं के अध्ययन का केंद्र है। शिक्षक और कर्मचारी भी इसी भवन में कार्य करते हैं। NSUI ने कहा कि भवन की जर्जर हालत किसी भी समय बड़े हादसे को निमंत्रण दे सकती है। यदि दीवार या कोई हिस्सा गिरने से जान-माल की हानि होती है तो जिम्मेदार कौन होगा?
भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री का आरोप:
NSUI ने आरोप लगाया कि प्रथम दृष्टया निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग, गुणवत्ता मानकों की अनदेखी, तकनीकी लापरवाही और भ्रष्टाचार की आशंका है। निर्माण की गुणवत्ता जांचने वाले अधिकारियों और इंजीनियरों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
ये हैं प्रमुख मांगें:
1. स्वतंत्र एवं उच्च स्तरीय तकनीकी एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए।
2. दोषी ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर निलंबित किया जाए।
3. भ्रष्टाचार साबित होने पर संबंधित ठेकेदार, इंजीनियर और अधिकारियों पर तत्काल FIR दर्ज हो।
4. जांच होने तक भवन की सुरक्षा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
5. सरकारी धन की क्षति की भरपाई दोषियों से कराई जाए।
चेतावनी:
NSUI ने कहा कि यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई और कोई अप्रिय घटना घटित होती है तो उसकी पूरी नैतिक व कानूनी जिम्मेदारी PWD, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की होगी। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
प्रतिलिपि:
ज्ञापन की प्रतिलिपि आयुक्त उच्च शिक्षा विभाग म.प्र., प्रमुख अभियंता PWD, पुलिस अधीक्षक पन्ना, कुलपति महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी छतरपुर और प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय अजयगढ़ को भेजी गई है।
ज्ञापन सौंपते समय आकाश जाटव के साथ NSUI विधानसभा अध्यक्ष रामनारायण सिंह मान, प्रेमनारायण, रवि, अजय, वसीम, राजा जी बुंदेला, अमन खान, रिंकू खान सहित कई NSUI कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Tag:
Aapka News Star, political news public, Ajaygarh local news, ABVP news, NSUI, Ansh media, breaking news, BJP News, Panna PRO, MP jansampark, SDM


