'

पन्ना मध्यप्रदेश: उद्यानिकी योजनाओं में एक सप्ताह में लक्ष्य से अधिक आवेदन लेकर हितग्राहियों को लाभान्वित करें: कमिश्नर श्री सुचारी

Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star) 

मध्यप्रदेश: 15 जुलाई 2026

पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)

उद्यानिकी योजनाओं में एक सप्ताह में लक्ष्य से अधिक आवेदन लेकर हितग्राहियों को लाभान्वित करें: कमिश्नर श्री सुचारी

➡️ मत्स्य पालन विभाग की बंद हैचरीज शुरू करने के निर्देश

➡️ कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने खाद्य, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन विभागों की समीक्षा बैठक ली।

ब्यूरो.पन्ना। कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कमिश्नर कार्यालय के कक्ष में जिला खाद्य नियंत्रक, उपसंचालक मत्स्योद्योग, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा, बुंदेलखंड सहकारी दुग्ध संघ, नियंत्रक नाप-तौल, म.प्र. स्टेट सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन एवं संयुक्त संचालक उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

➡️ उद्यानिकी विभाग में लक्ष्य से अधिक आवेदन लेने के निर्देश

कमिश्नर श्री सुचारी ने कहा कि उद्यानिकी विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के अधिकाधिक आवेदन प्राप्त कर किसानों को लाभान्वित करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ’पुष्प क्षेत्र विस्तार योजना, मसाला उत्पादन, संरक्षित खेती, पोलिनेट आदि योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने में कोई कमी न छोड़ी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं में एक सप्ताह के भीतर लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त कर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिया जाए।

➡️ मत्स्योद्योग विभाग में केसीसी और बंद हैचरीज पर फोकस

मत्स्योद्योग विभाग की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि संभाग में बंद पड़ी हैचरीज को शुरू करने के लिए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मत्स्य उत्पादक किसानों के क्रेडिट कार्ड बनाने का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने को कहा। संभाग में 1700 केसीसी के लक्ष्य के विरुद्ध अभी 941 प्रकरण ही प्रस्तुत किए गए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

➡️ खाद्य एवं नाप-तौल: वितरण और जांच में तेजी

नाप-तौल विभाग की समीक्षा में कमिश्नर ने कहा कि संभाग में अधिक से अधिक निरीक्षण, जांच और प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आवंटन और वितरण योजनाबद्ध तरीके से हो। उपार्जन, परिवहन और भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए ताकि किसानों और उपभोक्ताओं को समय पर लाभ मिले।

➡️ पशुपालन एवं डेयरी: टीकाकरण और योजनाओं पर जोर

कमिश्नर श्री सुचारी ने पशुपालन विभाग को गाय और भैंस के कृत्रिम गर्भाधान का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सा इकाईयों के माध्यम से पशुओं के उपचार और टीकाकरण के कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि बकरी पालन, नंदीशाला, क्षीरधारा ग्राम योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना’ और शिविरों के आयोजन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को बेहतर ढंग से मिले। बुंदेलखंड सहकारी दुग्ध संघ को दुग्ध संकलन और भुगतान प्रणाली सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर ने कहा कि सभी विभाग समन्वय कर काम करें ताकि शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और संभाग का सर्वांगीण विकास हो। बैठक में संयुक्त आयुक्त श्री पी.सी. शर्मा, जिला खाद्य नियंत्रक सागर, उपसंचालक मत्स्योद्योग सागर संभाग, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सागर संभाग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी बुंदेलखंड सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित सागर, नियंत्रक नाप-तौल विभाग, संभागीय प्रबंधक मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन सागर एवं संयुक्त संचालक उद्यानिकी विभाग सहित संबंधित विभागों के संभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Tag:

Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, Ansh media, MP jansampark, Panna PRO, cricket live, India news, Crime news, breaking 


एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने