'

पन्ना मध्यप्रदेश: मछुआ परिवारों को क्रेडिट कार्ड प्राथमिकता से दिलाएँ- कमिश्नर

Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star) 

मध्य प्रदेश: 12 जून 2026

पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)

मछुआ परिवारों को क्रेडिट कार्ड प्राथमिकता से दिलाएँ- कमिश्नर

➡️ प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का सागर संभाग में परिणाम मूलक क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएँ - कमिश्नर

➡️ उद्यानिकी योजनाओं के क्रियान्वयन में निवाड़ी जिले की स्थिति खराब, सहायक संचालक के विरुद्ध कार्यवाही करने कमिश्नर ने दिए निर्देश

➡️ नापतौल निरीक्षक की गई कार्यवाहियों का प्रतिदिन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें - कमिश्नर

ब्यूरो.पन्ना। कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी ने सागर संभाग के मछुआ परिवारों को क्रेडिट कार्ड प्राथमिकता के साथ मुहैया कराने के निर्देश मत्स्य पालन विभाग के अधिकारियों को दिए हैं। कमिश्नर ने निर्देशित करते हुए कहा है कि सागर संभाग में मछुआ परिवारों को लक्ष्य के विरुद्ध काफी कम संख्या में क्रेडिट कार्डों का वितरण किया गया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि मछुआ परिवारों को प्राथमिकता के साथ क्रेडिट कार्डों का वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा मत्स्य पालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनओं का लाभ सागर संभाग के मत्स्यपालकों को दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना शासन की अतिमहत्वपूर्ण योजना है इस योजना का सागर संभाग में परिणाम मूलक क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। कमिश्नर ने कहा है कि इस योजना के माध्यम मत्स्य पालकों के जीवन में परिवर्तन आना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों एवं संचालित गतिविधियों का मैं स्वयं समय-समय पर निरीक्षण करुंगा। उन्होंने मत्स्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सागर संभाग में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं। कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी ने उक्त निर्देश मंगलवार को मत्स्यपालन विभाग, उद्यानिकी विभाग एवं नापतौल विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।

बैठक में उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जिलेवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि निवाड़ी जिले में उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की क्रियान्वयन की स्थिति ठीक नहीं है। कमिश्नर ने सहायक संचालक उद्यानिकी निवाड़ी के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कमिश्नर ने समीक्षा के दौरान कहा कि उद्यानिकी विभाग के मैदानी अधिकारी कर्मचारी किसानों से सतत संपर्क स्थापित कर उन्हें उद्यानिकी फसलें लगाने के लिए प्रोत्साहित करें तथा उद्यानिकी फसलें लगाने के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी सतत रूप से देना सुनिश्चित करें।

कमिश्नर ने सागर संभाग में प्रमुख धार्मिक स्थलों के आस-पास के क्षत्रों में रहने वाले किसानों को फूलों की खेती करने के लिए प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में कमिश्नर ने उद्यानिकी विभाग द्वारा जल संवर्धन अभियान के तहत कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने कहा कि किसानों को जल संवर्धन अभियान के अतंर्गत अनुदान पर कराए जा रहे स्प्रिंकलर की गुणवत्ता ठीक होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षाकाल में उद्यानिकी विभाग पौधरोपण के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाए।

बैठक में कमिश्नर ने नापतौल विभाग के कार्यों की जिलेवार समीक्षा की तथा संभाग के सभी नापतौल विभाग के निरीक्षकों को निर्देश दिए कि वे सतत रूप से दुकानों और फर्मों का निरीक्षण करें तथा प्रतिदिन की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। कमिश्नर ने चालू वित्तीय वर्ष में दमोह, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में काफी कम प्रकरण दर्ज करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देश दिए कि नापतौल विभाग की कार्यवाहियाँ सतत रूप से जारी रहना चाहिए। बैठक में सहायक संचालक नापतौल द्वारा बताया गया कि नापतौल विभाग द्वारा चालू वित्तीय वर्ष में 31 लाख रुपए की आय अर्जित की गई है।

बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास श्री राकेश शुक्ला, उप संचालक मत्स्य उद्योग सागर संभाग, संयुक्त संचालक उद्यानिकी, सहायक संचालक नापतौल एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tag:

Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, sport news, Sagar commissioner, NGO work, MP jansampark, Panna PRO, Ansh media, viral 

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने