Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 12 जून 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
प्रधानमंत्री आवास पूर्ण निर्मित 56 एलआईजी भवनों को पुताई रंगाई का कार्य करके इनका विक्रय यथाशीघ्र किया जाये-कमिश्नर श्री अनिल सुचारी।
➡️ कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने बांदकपुर एवं हिंडोरिया का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
➡️ मरीजों के बीच पहुंचकर जाना हालचाल
➡️ कमिश्नर पहुंचे मेडिकल कॉलेज लिया जायजा।
ब्यूरो.पन्ना। सागर संभाग के आयुक्त श्री अनिल सुचारी ने दमोह जिले के भ्रमण के दौरान बांदकपुर एवं हिंडोरिया के साथ दमोह में चल रहे कार्यो का भी भ्रमण के दौरान जायजा लिया। उन्होंने प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र भगवान जागेश्वर धाम बांदकपुर पहुंचकर भगवान जागेश्वरनाथ का पंचामृत स्नान, जलाभिषेक एवं विधिवत पूजन-अर्चन कर आर्शीवाद प्राप्त किया। कमिश्नर श्री सुचारी ने कुण्डलपुर क्षेत्र का भी भ्रमण कर बड़े बाबा (भगवान आदिनाथ)के दर्शन कर आर्शीवाद प्राप्त किया। उन्होंने दमोह में प्रधानमंत्री आवास एवं निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यो का भी जायजा लिया। इस अवसर पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं का किया बारीकी से निरीक्षण
आयुक्त श्री सुचारी ने कलेक्टर श्री यादव के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिंडोरिया का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हेल्प डेस्क, ओपीडी, एएनसी सेवाओं, परामर्श कक्ष, पुरुष वार्ड एवं लॉन्ड्री सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ अठ्या भी मौजूद थे।
हेल्प डेस्क पर पहुंचकर उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं अन्य मरीजों के पंजीयन, उपचार प्रक्रिया तथा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को सरल, त्वरित एवं सम्मानजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मरीजों की सुविधा सर्वोपरि, अतिरिक्त कुर्सियां लगाने के निर्देश
आयुक्त श्री सुचारी ने ओपीडी के बाहर प्रतीक्षारत मरीजों की संख्या को देखते हुए मरीजों के बैठने हेतु अतिरिक्त कुर्सियां लगाने के निर्देश दिए। पुरुष प्रसाधन कक्ष का अवलोकन कर हर दो से तीन घण्टे में सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के साथ-साथ मरीजों की सुविधा और गरिमा का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर
उन्होंने परामर्श कक्ष के निरीक्षण के दौरान प्रतिदिन परामर्श प्राप्त करने वाले हितग्राहियों की संख्या एवं उन्हें दी जाने वाली सलाह की जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि प्रतिदिन 12-15 लोगों को संतुलित पोषण, स्वस्थ खानपान, नियमित दिनचर्या तथा बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाता है।
मरीजों से आत्मीय संवाद कर जाना हालचाल
कमिश्नर श्री सुचारी ने पुरुष वार्ड के निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाइयों एवं अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में मिल रही सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। ओपीडी के बाहर बैठी ग्राम गुंजी की आरती लोधी से चर्चा करते हुए आयुक्त ने पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही तथा उपचार समय पर मिल रहा है या नहीं। मरीज द्वारा संतोषजनक उत्तर दिए जाने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान ग्राम बिलाई से उपचार हेतु पहुंची 55 वर्षीय रानी विश्वकर्मा से भी उन्होंने चर्चा की। रानी विश्वकर्मा ने बताया कि वह हड्डी संबंधी समस्या के उपचार के लिए अस्पताल आई हैं तथा उनका एक्स-रे किया जा चुका है। आयुक्त ने उनसे यह भी पूछा कि कहीं किसी स्तर पर अनावश्यक परेशानी या अनुचित मांग तो नहीं की गई। मरीज द्वारा बेहतर सेवाएं मिलने की जानकारी देने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
जनसहयोग से बेहतर हों अस्पताल की व्यवस्थाएं
कमिश्नर श्री सुचारी ने अस्पताल में उपलब्ध चादरों, बेडशीट एवं कंबलों की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए जनसहयोग से इन व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास करने की बात कही। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य अमले से चर्चा कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार सुविधाओं एवं मरीजों की देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. अठया एवं सीबीएमओ डॉ. अमित मिश्रा ने अस्पताल की गतिविधियों एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई ।
पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री अनिल सुचारी एवं कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में औषधीय पौधा आंवला रोपित किया। उन्होंने पौधों की नियमित देखभाल, सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश सीबीएमओ डॉ. मिश्रा को दिए। आयुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। जिस प्रकार मरीजों की देखभाल आवश्यक है, उसी प्रकार लगाए गए पौधों का संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री आवास का लिया जायजा
कमिश्नर श्री सुचारी ने प्रधानमंत्री आवास का जायजा लिया । इस संबंध में स्थल पर कमिश्नर श्री सुचारी को मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि ठेकेदार द्वारा वर्ष 2022 से कार्य बंद कर दिया उसको कई बार नोटिस दिये गये परन्तु उसने कार्य प्रारम्भ नही किया । ठेकेदार का टेंडर एवं अनुबंध निरस्त करने के पूर्व शासन को जानकारी भेजी गई, संचालनालय से निर्देश प्राप्त हुए कि परिषद अपने स्तर से निर्णय ले, माह अप्रेल 2026 में परिषद में ठेकेदार के अनुबंध को निरस्त करने का निर्णय लिया जा चुका है। ठेका निरस्त करके शेष कार्य हेतु पुनः निविदायें आमंत्रित करने की कार्यवाही की जा रही है। कमिश्नर श्री सुचारी ने स्थल पर निरीक्षण के दौरान निर्देश दिये कि पूर्ण निर्मित 56 एलआईज भवनों को पुताई रंगाई का कार्य करके इनका विक्रय यथाशीघ्र किया जाये, ताकि इनमें टूटफुट एवं चोरी की संभावना न रहें। शेष निर्माणाधीन भवनों का कार्य प्रारम्भ कराने हेतु यथाशीघ्र नियमानुसार निविदायें आमंत्रित करके कार्य प्रारम्भ कराया जायें।
ज्ञातव्य है प्रधानमंत्री आवासीय योजना एएचपी घटक के अंतर्गत दमोह नगर में 1356 ईडब्ल्यू एस भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। वर्ष 2019 से 2021 के मध्य हितग्राहियों को आधिपत्य सोंपा जा चुका है नगर पालिका के अंशदान की राशि पूर्ति हेतु निर्मित किये जाने वाले एलआईजी एवं एमआईजी भवनों का निर्माण अधूरा पड़ा है।
कमिश्नर पहुंचे मेडिकल कॉलेज लिया जायजा
कमिश्नर श्री सुचारी आज अपने भ्रमण के दौरान निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज पहुंचे और निर्माण कार्यो का जायजा लिया। इस अवसर पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे विशेष रूप से मौजूद थे।
इस अवसर पर पीआईयू के कार्यपालन यंत्रभ् श्री विश्वकर्मा ने बताया भवन का कार्य और विद्युत फिटिंग का कार्य पूर्णता पर है, 30 जून तक भवन विभाग को हैण्डओव्र कर दिया जायेगा। श्री विश्वकर्मा ने एकेडिमिक बिल्डिंग एवं छात्रावास के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कमिश्नर श्री सुचारी ने यहां पेयजल आपूर्ति के संबंध में जानकारी लेने पर पीआईयू के कार्यपालन यंत्री ने पूर्ण जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम सौरभ गंर्धव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण एजेंसी के अधिकारी मौजूद थे।
कमिश्नर श्री सुचारी पहुंचे सतरिया
कमिश्नर श्री सुचारी पटेरा के ग्राम सतरिया पहुचे। उन्होंने यहां एक बगिया माँ के नाम निर्माण कार्य हितग्राही सुधा दामोदर के यहां पहुंचे और अवलोकन किया। श्री सुचारी ने हितग्राही से चर्चा की। उनके द्वारा बताया इससे उन्हें आय का जरिया भी मिलेगा सभी फलदार पेड हैं। इस दौरान कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, sport news, Sagar commissioner, google trends, NGO work, MP jansampark, Ansh media,
