'

पन्ना मध्यप्रदेश: स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर से बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं - कमिश्नर

Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star) 

मध्य प्रदेश: 01 जून 2026

पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)

स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर से बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं - कमिश्नर

➡️ रोगी कल्याण समिति की बैठकें सतत रूप से कराएं - कमिश्नर

➡️ गर्भवती महिलाओं के पंजीयन की सतत मॉनिटरिंग करें - कमिश्नर

➡️ स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता बरतने पर कमिश्नर ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी दमोह एवं पन्ना को नोटिस जारी कर कार्यवाही करने के दिए निर्देश

➡️ चाइल्ड डेथ रिव्यूह में उदासीनता बरतने पर संभाग के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को नोटिस जारी करने के दिए निर्देश।

ब्यूरो.पन्ना। सागर संभाग कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने सागर संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर से बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश सागर संभाग के सभी चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सकों एवं मैदानी कर्मचारियों को दिए हैं। कमिश्नर ने कहा है कि शासन द्वारा आम लोगों के लिए बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जा रही हैं। इन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सागर संभाग के जरूरतमंद लोगों को मिलना चाहिए। इसके लिए सागर संभाग के सभी चिकित्सा अधिकारी, सभी चिकित्सक और स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन से जुड़े सभी मैदानी कर्मचारी सेवा भाव और संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं।

कमिश्नर ने कहा है कि सागर संभाग के सभी जिलों में रोगी कल्याण समितियों की बैठकें सतत रूप से होना चाहिए। रोगी कल्याण समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों का क्रियान्वयन भी जमीनी स्तर पर होना चाहिए। बैठक में सागर संभाग में गर्भवती महिलाओं के पंजीयन की जिलेवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा है कि सागर संभाग में लगभग सभी जिलों में गर्भवती महिलाओं के पंजीयन की स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे गर्भवती महिलाओं के पंजीयन के लिए मैदानी कर्मचारियों को निरंतर सक्रियता के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित करें और सतत रूप से मॉनिटरिंग करें।

कमिश्नर ने उक्त निर्देश आज स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा श्रम विभाग की संयुक्त बैठक में अधिकारियों को दिए। बैठक में कमिश्नर ने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता बरतने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी दमोह एवं पन्ना को नोटिस जारी करने तथा चाइल्ड डेथ रिव्यू एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता बरतने के कारण संभाग के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को नोटिस जारी कर उनके विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, सागर संभाग को दिए हैं।

बैठक में कमिश्नर ने एनीमिया से गंभीर रूप से पीड़ित महिलाओं की सतत रूप से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं तथा कहा है कि एनीमिया से गंभीर रूप से पीड़ित महिलाओं को समुचित उपचार मुहैया कराएं।

कमिश्नर ने पन्ना जिले तथा निवाड़ी जिले में एनीमिक महिलाओं की समुचित स्क्रीनिंग नहीं होने पर पन्ना और निवाड़ी जिले के कलेक्टरों से चर्चा की तथा निर्देश दिए कि पन्ना और निवाड़ी जिले में एनीमिक महिलाओं की सतत रूप से स्क्रीनिंग की जाए तथा उन्हें समुचित उपचार भी मुहैया कराया जाए।

बैठक में कमिश्नर ने बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय में कैंसर रोग की चिकित्सा के लिए बनाए जा रहे चिकित्सालय की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। इस संबंध में बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय के डीन ने बताया कि मेडिकल कॉलेज सागर में कैंसर के उपचार के लिए कैंसर अस्पताल के निर्माण की प्रक्रिया तेजी से पूर्ण की जा रही है। उन्होंने बताया कि मेनपानी में स्नातकोत्तर स्तर के छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावासों का निर्माण किया जा रहा है।

बैठक में कमिश्नर ने श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि श्रम विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ श्रमिकों को दिलाने के उद्देश्य से श्रमिकों का पंजीयन किया जाए तथा श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। कमिश्नर ने श्रम विभाग द्वारा संचालित संबल योजना, अत्युष्टि सहायता योजना, साइकिल अनुदान राशि योजना एवं ई-स्कूटर योजना की प्रगति की भी समीक्षा की।

कमिश्नर द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संभाग के सभी जिलों में जिला पोषण समिति की बैठकें सतत रूप से होनी चाहिए। बैठक में कमिश्नर ने मातृ वंदना योजना की प्रगति की जिलेवार समीक्षा की।

बैठक में डीन बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय डॉ. पीएस ठाकुर, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. नीना गिडियन, संयुक्त आयुक्त विकास श्री राकेश शुक्ला, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास श्री बीएल प्रजापति सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tag:

Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, sport news, Sagar commissioner, Ansh media, MP jansampark, Panna PRO, cricket live new

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने