Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 17 जून 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
पन्ना पुलिस द्वारा विगत एक माह में 33 अपहृत नाबालिग बालक/बालिकाओं को देश के विभिन्न राज्यों से सकुशल दस्तयाब किया गया।
ब्यूरो.पन्ना। पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के अंतर्गत थाना स्तर पर गठित पुलिस टीमों द्वारा महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दमन-दीव एवं दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में की गई सफल दस्तयाबी।
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में पन्ना पुलिस द्वारा विगत एक माह के दौरान 33 अपहृत नाबालिग बालक/बालिकाओं को देश के विभिन्न राज्यों से सकुशल दस्तयाब करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा अपहरण के मामलों में अपहृत नाबालिग बालक/बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी सुनिश्चित करने हेतु एक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान एवं समस्त एस.डी.ओ.पी. के मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारियों को अधिक से अधिक दस्तयाबी करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही अपहरण संबंधी प्रकरणों में तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने हेतु साइबर सेल पन्ना को भी विशेष रूप से निर्देशित किया गया।
महिला एवं बाल अपराधों के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए जिले में पंजीबद्ध अपहरण संबंधी प्रकरणों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई। थाना प्रभारियों के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों द्वारा घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नाबालिग बालक/बालिकाओं की तलाश प्रारंभ की गई। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण, संभावित ठिकानों पर दबिश, मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने तथा साइबर सेल पन्ना के तकनीकी सहयोग से लगातार प्रयास किए गए।
इन सतत एवं समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना एवं साइबर सेल पन्ना से प्राप्त तकनीकी सहयोग के आधार पर पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के अंतर्गत थाना स्तर पर गठित पुलिस टीमों द्वारा महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश एवं हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से पन्ना जिले से अपहृत 33 नाबालिग बालक/बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब किया गया।
दस्तयाब किए गए नाबालिग बालक/बालिकाओं में थाना अमानगंज क्षेत्र से अपहृत 08, कोतवाली से 06, थाना सिमरिया से 03, गुनौर से 03, धरमपुर से 02, अजयगढ़ से 02, देवेन्द्रनगर से 02, शाहनगर से 02, सलेहा से 02, रैपुरा से 02 तथा पवई से 01 नाबालिग बालक/बालिका शामिल हैं, जिन्हें सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य अपहृत बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी, अपहरण की रोकथाम, आरोपियों की पतारसी तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना था। पुलिस टीमों द्वारा त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए सभी नाबालिगों को सुरक्षित दस्तयाब किया गया।
सराहनीय योगदान :
उक्त कार्यवाही में समस्त थाना प्रभारियों के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों के सदस्यों एवं साइबर सेल पन्ना का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, MP police, panna police, MP jansampark, Panna PRO, Ansh media, viral news, IPL news,
