Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 17 जून 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों के संबंध में हुई बैठक
कलेक्टर ने सड़क मरम्मत सहित अन्य व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के दिए निर्देश।
ब्यूरो.पन्ना। आगामी 16 जुलाई को रथयात्रा कार्यक्रम के पूर्व पन्ना में इस वर्ष भी निर्धारित तिथियों में 29 जून से विभिन्न गतिविधियां प्रारंभ हो जाएंगी। श्री जगदीश स्वामी रथयात्रा महोत्सव कार्यक्रम 2026 के गरिमामय आयोजन सहित विविध कार्यक्रमों की बेहतर व्यवस्थाओं के संबंध में कलेक्टर ऊषा परमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कार्यक्रम से जुड़े विभाग के अधिकारियों तथा मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर आवश्यक सुझाव प्राप्त कर समुचित प्रबंध के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्रीमती परमार ने रथयात्रा महोत्सव की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर विभागवार दायित्व सौंपे। साथ ही सड़क मरम्मत सहित विद्युत, पेयजल, चिकित्सीय व्यवस्था, साफ-सफाई, सुचारू यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंध के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा धार्मिक उत्सवों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का सतत परीक्षण किया जाए। वर्षाकाल के दौरान मंदिर परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। अस्थायी दुकानों की स्थापना सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं के दौरान आवश्यक एहतियात भी बरती जाए। किसी भी स्थिति में भीड़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से समझौता न हो। जिला कलेक्टर ने गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी जनसामान्य से पारदर्शी माध्यम से क्यूआर कोड के जरिए दान राशि प्राप्त करने की व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए। बैठक में रथयात्रा महोत्सव के दृष्टिगत अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। बैठक में महाराजा छत्रसाल द्वितीय सहित अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, एसडीएम संजय कुमार नागवंशी, तहसीलदार अखिलेश प्रजापति, सीएमओ उमाशंकर मिश्रा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग जे.पी. सोनकर भी उपस्थित रहे।
रथ यात्रा महोत्सव का निर्धारित कार्यक्रम
श्री जगदीश स्वामी रथयात्रा महोत्सव अंतर्गत 29 जून को सुबह 9 बजे स्नान यात्रा के साथ निर्धारित कार्यक्रम की शुरूआत होगी। इसके उपरांत 14 जुलाई को शाम 7ः30 बजे पथ प्रसाद वितरण, 15 जुलाई को रात्रि 8 बजे धूप कपूर की झांकी होगी तथा 16 जुलाई को शाम 6ः30 बजे बड़ा दिवाला से लखूरन तक रथ यात्रा निकलेगी। यहां विश्राम पश्चात 17 जुलाई को शाम 6 बजे लखूरन से चौपरा तक रथ यात्रा निकाली जाएगी। 18 जुलाई को शाम 6ः30 बजे टीका पश्चात रथ यात्रा चौपरा से जनकपुर मंदिर पहुंचेगी। मंदिर में 7ः30 बजे से टीका पूजन, आरती स्वागत और धार्मिक कार्यक्रम के उपरांत 19 जुलाई को सुबह 9 बजे जनकपुर मंदिर में यात्रा का प्रवेश होगा। 20 जुलाई को दोपहर में जनकपुर मंदिर में कथा पूजन एवं भण्डारा कार्यक्रम निर्धारित है। 21 जुलाई को लक्ष्मी जी की सवारी शाम 5 बजे जगदीश स्वामी मंदिर पन्ना से जनकपुर रवाना होगी। इसके पश्चात वापस पन्ना पहुंचेगी। 22 जुलाई को शाम 6 बजे रथ यात्रा वापसी जनकपुर से चौपरा तक का कार्यक्रम निर्धारित है। चौपरा में विश्राम पश्चात 23 जुलाई को शाम 6 बजे रथ यात्रा चौपरा से लखूरन पहुंचेगी, जबकि 24 जुलाई को शाम 6 बजे लखूरन से जगदीश स्वामी मंदिर पन्ना तक मंदिर के बाहर लक्ष्मी जी का संवाद कार्यक्रम होगा। मंदिर के बाहर रात्रि विश्राम के बाद 25 जुलाई को सुबह 8 बजे जगदीश स्वामी मंदिर में श्री जगदीश स्वामी जी का मंदिर प्रवेश सात मूर्ति दर्शन के साथ होकर कार्यक्रम का समापन होगा। 29 जून से 14 जुलाई तक मंदिर के पट बंद रहेंगे तथा 15 जुलाई को रात्रि 8 बजे खुलेंगे।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Ansh media, MP jansampark, Panna PRO, Sport news, Panna local news, cricket live score, IPL news,google
.jpg)