Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 13 जून 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
संवेदनशीलता के साथ पात्र हितग्राहियों को करें लाभांवित
जिला पंचायत सीईओ ने गुनौर के जनकल्याण शिविर का निरीक्षण कर दिए निर्देश।
ब्यूरो.पन्ना। शासन के निर्देशानुसार सभी पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ सुनिश्चित करने की मंशा से विकासखंड और नगरीय निकाय मुख्यालयों में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। रविवार, 14 जून को भी निर्धारित स्थान पर शिविर लगेंगे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी द्वारा शनिवार को जनपद पंचायत गुनौर में आयोजित विकासखण्ड गुनौर एवं नगर परिषद गुनौर के संयुक्त शिविर का निरीक्षण किया गया। इस मौके पर उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभांवित करने तथा विभिन्न सेवाओं का विधिवत लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में सीएम हेल्पलाइन की 100 दिवस से अधिक समय की लंबित शिकायतें विशेष रूप से निराकृत की जाएं। इसके लिए शिकायतकर्ता से संपर्क कर एवं समक्ष में शिकायत सुनकर प्रमुखता से निराकरण करें। इसी तरह लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय सीमा में नागरिक सेवाओं का प्रदाय भी सुनिश्चित किया जाए।
जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि रोजगारपरक योजनाओं के लाभ के लिए बैंक स्तर पर आवश्यक समन्वय कर पात्र हितग्राही को समय सीमा में लाभ प्रदान करें। इसी तरह शिविर के दौरान आयुष्मान, फॉर्मर आईडी, पीएम किसान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभ सहित पशु टैगिंग का कार्य भी सुनिश्चित हो। किसी एक ग्राम पंचायत को सरकारी योजना में शत प्रतिशत सेचुरेशन करने की दिशा में भी कार्य कर अपेक्षित प्रगति लाएं। किसान हितैषी योजनाओं का भी संबंधित विभाग द्वारा प्रचार-प्रसार कर कृषकों को लाभांवित करें। उन्होंने शिविर में विभागवार प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेकर अधिकाधिक संख्या में लोगों को लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। सहायक संचालक उद्यान पी.के. श्रीवास्तव ने शिविर में शामिल विभाग की 3 योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान कर लाभ उठाने की अपील की। इसमें प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, निजी बीज विक्रेताओं को लाइसेंस प्रदान करना तथा प्रोटेक्टिव कल्टीवेशन शामिल है। इसी तरह तहसीलदार भू संसाधन प्रबंधन मेघेन्द्र बंदोपाध्याय द्वारा राजस्व विभाग की शिविर में शामिल विभिन्न सेवाओं से अवगत कराया गया। शिविर में हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया। विभागीय अधिकारियों एवं आमजन द्वारा विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया गया। इस अवसर पर एसडीएम नरेन्द्र सिंह धुर्वे एवं जनपद पंचायत सीईओ रानू जैन सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, sport news, Sagar commissioner, Ansh media, MP jansampark, Panna PRO, breaking news,
