'

पन्ना मध्यप्रदेश: कलेक्टर ने टीएल बैठक में विभागवार समीक्षा कर दिए निर्देश

Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star) 

मध्य प्रदेश: 29 अप्रैल 2026

पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)


कलेक्टर ने टीएल बैठक में विभागवार समीक्षा कर दिए निर्देश

ब्यूरो.पन्ना। कलेक्टर ऊषा परमार ने गत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक ली। इस मौके पर विभागवार समीक्षा कर शासन के महत्वपूर्ण कार्यक्रम एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। टीएल बैठक में ग्रीष्मकाल में नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था, पीएचई की एकल नल जल योजनाओं के संचालन, जिला अस्पताल में मरीज और परिजनों के लिए गर्मी से बचाव के समुचित प्रबंध, एएनसी पंजीयन तथा पीएम आवास योजना ग्रामीण के संबंध में जरूरी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान तथा जल गंगा संवर्धन अभियान में प्रगति बढ़ाने के लिए विशेष निर्देश दिए गए। इसके अलावा जनगणना कार्य, नरवाई जलाने की घटना पर रोकथाम व सेटेलाइट रिपोर्टिंग तथा दण्डात्मक कार्यवाही सहित पांडुलिपियों के डिजिटाईजेशन, आंगनबाड़ी एवं स्कूल भवनों की स्थिति, गेहूं उपार्जन कार्य इत्यादि की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्रीमती परमार ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में न्यून अथवा अधिक शिकायत वाले विभाग के अधिकारियों को समानांतर रूप से शिकायत निराकृत करने के निर्देश दिए। जनपद पंचायत सीईओ को श्रम विभाग से समन्वय कर संबल कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाने तथा प्रतिमाह सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग जारी होने की तिथि के पूर्व ही इससे संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए कहा। सीएम हेल्पलाइन में विभाग के ए ग्रेड के बावजूद प्राप्त होने वाली शिकायतों का लगातार निराकरण करने के लिए भी निर्देशित किया गया। आगामी दिवस में सांसद की अध्यक्षता में प्रस्तावित दिशा की बैठक के दृष्टिगत निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक जानकारी शीघ्र प्रेषित करने के लिए भी कहा।

साधना सप्ताह में अधिकतम प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले लोकसेवक सम्मानित

आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेश के समस्त शासकीय विभाग एवं कार्यालय के कर्मियों को कार्मिक प्रशिक्षण एवं प्रबंधन विभाग भारत सरकार द्वारा बनाए गए पोर्टल आईगोट कर्मयोगी पर साधना सप्ताह अभियान अंतर्गत 2 से 10 अप्रैल 2026 के दौरान अधिक से अधिक कोर्स करने हेतु प्रेरित किया गया था। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य शासकीय कर्मियों की क्षमता का संवर्धन एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाओं के लिए सक्षम बनाना था। जिला पन्ना अंतर्गत साधना सप्ताह में सबसे अधिक कोर्स करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को टीएल मीटिंग के दौरान कलेक्टर ऊषा परमार द्वारा पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार मोहम्मद साजिद पटवारी, भू-अभिलेख, द्वितीय पुरस्कार अरुण चंदपुरिया सिटी मिशन मैनेजर, जिला शहरी विकास अभिकरण तथा तृतीय पुरस्कार पूर्णिमा वर्मा नर्सिंग ऑफिसर, जिला अस्पताल को प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं जिला नोडल अधिकारी आईगोट उमराव सिंह मरावी तथा अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे भी उपस्थित रहे तथा पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना कर उत्साहवर्धन किया।

Tag:

Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, sport news, Sagar commissioner, MP jansampark, Panna PRO, ANSH Media, breaking news, 

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने