'

पन्ना मध्यप्रदेश: शासकीय सांदीपनि मॉडल उ.मा. विद्यालय पन्ना में जिला स्तरीय कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन

Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star) 

मध्य प्रदेश: 22 अप्रैल 2026

पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)


शासकीय सांदीपनि मॉडल उ.मा. विद्यालय पन्ना में जिला स्तरीय कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं को दिए सफलता के टिप्स

लक्ष्य निर्धारित कर रूचि के विषय में बढ़ाएं हुनर...

ब्यूरो.पन्ना। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं को बेहतर कैरियर के निर्माण एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से बुधवार को शहर के बायपास रोड स्थित शासकीय सांदीपनि मॉडल उ.मा. विद्यालय में कैरियर मार्गदर्शन का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर सभी विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ एवं अपने रूचि के विषय में हुनर बढ़ाकर आगे बढ़ने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा प्रतिभा सिंह सोलंकी सहित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के अन्य छात्र-छात्राओं द्वारा विषय एवं संकाय चयन तथा बेहतर उच्च शिक्षा अर्जित करने के संबंध में अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

जिला स्तरीय कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर ऊषा परमार एवं पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू सहित अन्य अधिकारियों द्वारा मार्गदर्शक की भूमिका में विद्यार्थियों को आवश्यक एवं उपयोगी सलाह दी गई। कैरियर काउंसलिंग के दौरान छात्र-छात्राओं ने उचित कैरियर निर्माण विषयक नाटक का आकर्षक मंचन भी किया। जिला कलेक्टर ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सही विषयों का चयन कर सभी बच्चे बेहतर अध्ययन एवं परिश्रम पर ध्यान दें। माता-पिता का विश्वास भी जीतें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विषय एवं संकाय में आगे बढ़ने के समान एवं पर्याप्त अवसर हैं। 

केवल अपनी प्रतिभा और हुनर को निखारने की आवश्यकता है। विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के अलावा ललित कला और कृषि जैसे विषयों की पढ़ाई कर भी बेहतर कैरियर का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी बच्चों को पढ़ाई में नवीनतम तकनीक का उपयोग करने, बेसिक इंग्लिश सीखने तथा आवश्यकतानुसार बैकअप प्लॉन बनाने की सलाह भी दी। इसके अलावा किसी भी स्थिति में अन्य बच्चों से प्रतिस्पर्धा न करने तथा स्वयं को कमतर आंकने की प्रवृत्ति को हतोत्साहित करने की बात भी कही।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी परीक्षा में सफलता के लिए विषय पर पकड़ जरूरी है। पाठ्यक्रम अनुसार पढ़ाई कर एवं गत वर्ष के प्रश्न पत्रों को हल करने से काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए सही मार्गदर्शन और परिश्रम की आवश्यकता है। चरणबद्ध तरीके से किसी भी परीक्षा की तैयारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अध्ययन की निरंतरता बनाएं रखें और रटने की बजाए विषय को समझने पर ध्यान केन्द्रित करें। साथ ही स्वयं के प्रयास पर चिंतन करना भी जरूरी है। दिशाहीन परिश्रम सफलता की राह में बाधक है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि न केवल यूपीएससी बल्कि अपनी क्षमता मुताबिक प्रत्येक क्षेत्र में कैरियर बनाना संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने की अपील भी की। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा रिवीजन एवं नोट्स तैयार करने की महत्ता से भी अवगत कराया गया एवं संकल्पबद्ध एवं अनुशासित रहकर उत्सुकता बनाए रखने के लिए भी कहा। बच्चों को शिक्षक के सतत् संपर्क में रहकर अध्ययन के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को कौशल विकास एवं छात्रवृत्ति योजनाओं सहित शासन स्तर से प्राप्त होने वाली अन्य सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर एसडीएम संजय कुमार नागवश्ंाी सहित जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन, जिला शिक्षा अधिकारी अमित जैन, जिला संयोजक जयप्रताप भदौरिया, प्राचार्य रंजना खरे एवं उमेश तिवारी, भारती श्रीवास्तव, जिला व्यवसायिक समन्वयक पुष्पराज सिंह भी उपस्थित रहे।

Tag:
Aapka News Star, political news, public news, breaking news, BJP News, sport news, Sagar commissioner, google trends, NGO work, MP jansampark, Panna 

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने