Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 24 अप्रैल 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस जिला पंचायत में हुआ कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य पर सरपंच पुरूस्कृत...
ब्यूरो.पन्ना। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के मौके पर शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस गरिमामय जिला स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंच को सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए पंचायतों का सशक्त होना जरूरी है। हमारे देश में प्राचीन समय से ही पंचायत की परिकल्पना है और यह सदैव महत्वपूर्ण व्यवस्था रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में समस्त पंचायतों को समृद्ध कर गांवों का पुनर्विकास किया जा रहा है। स्थानीय निकायों की मजबूती के लिए भी यह बड़ा कदम है। गांवों को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से पंचायतों को सशक्त किया जा रहा है। इससे पंचायत प्रतिनिधि बेहतर तरीके से अपनी भूमिका का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा पंचायतों, गांवों और किसानों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। जिपं अध्यक्ष ने जिले के समस्त पंचायत प्रतिनिधियों से बेहतर कार्य के माध्यम से देश और प्रदेश में अव्वल आने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि ग्रामसभा के सशक्त होने से लोकतंत्र भी मजबूत होगा। पंचायतों में महिलाओं की भूमिका और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों व उपायों की जानकारी भी दी। उन्होंने सरकारी योजनाओं व विभिन्न गतिविधियों के क्रियान्वयन में अव्वल रहने वाली ग्राम पंचायतों के कार्यों की सराहना की। अन्य ग्राम पंचायतों में भी निरंतर इस तरह के सार्थक प्रयास की अपेक्षा की गई।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव ने कहा कि 24 अप्रैल 1995 को पंचायत राज अधिनियम लागू होने के फलस्वरूप इस दिन प्रति वर्ष राष्ट्रीय पंचायत दिवस का आयोजन किया जाता है। पंचायती राज व्यवस्था के लागू होने से सरपंचों को ग्राम विकास के अधिकार मिले हैं। इसलिए ग्राम विकास की अवधारणा पर कार्य कर समाज की व्यवस्थाओं में बदलाव लाना जरूरी है। इससे लोकतंत्र भी मजबूत होगा। जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी ने कहा कि जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों द्वारा क्रियान्वित उत्कृष्ट कार्य सराहनीय हैं। वास्तव में त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था लागू होने से जिम्मेवारी के साथ विभिन्न विकास कार्यों को जनहित में समय पर मूर्तरूप देना आवश्यक है। पंचायतों में महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। इसलिए सभी पंचायतों को सशक्त, उत्तरदायी एवं आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज पंचायत के पास जंगल की सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं साफ-सफाई के कार्य सहित जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र तथा बीपीएल सर्वे में अनुशंसा जैसे अहम योगदान वाले कार्य भी शामिल हैं। अब प्रत्येक ग्राम पंचायत को भवन अनुज्ञा प्रणाली, कर संग्रहण एवं संपत्ति कर जैसे उपायों को लागू कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने की भी आवश्यकता है। सर्वसुविधायुक्त शाहनगर, मड़ला, पटना तमोली एवं हिनौती अमानगंज जैसी ग्राम पंचायत के उत्कृष्ट कार्यों का जिक्र भी किया। सरपंचों ने भी अपने अनुभव साझा किए तथा राजनैतिक भविष्य तय करने में ग्राम पंचायतों की भूमिका एवं कार्यों की महत्ता बताई। अधिवक्ता विनोद तिवारी ने कहा कि पंचायत राज की अवधारणा को आम जनता ने भी सहर्ष स्वीकार किया है। ग्राम पंचायतों द्वारा पंचायत स्तर पर ही महत्वपूर्ण योजनाएं तैयार की जा रही हैं। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार एवं पुष्पराज सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, Janpad panchayat, breaking news, Ansh media, MP news, Cricket live score, Crime News,

