'

पन्ना मध्यप्रदेश: कलेक्टर ने ली स्वयंसेवी संस्थाओं की बैठक, कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश

Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star) 

मध्य प्रदेश: 24 अप्रैल 2026

पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)

कलेक्टर ने ली स्वयंसेवी संस्थाओं की बैठक, कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश

जल गंगा संवर्धन अभियान सहित पराली जलाने की घटनाओं पर रोकथाम में सहयोग की अपील...

ब्यूरो.पन्ना। कलेक्टर ऊषा परमार ने कहा है कि जिले की समस्त स्वयंसेवी संस्थाएं कार्ययोजना मुताबिक अपने कार्यक्षेत्र में जनकल्याणकारी कार्यों को मूर्तरूप देने के लिए बेहतर कार्य करें। साथ ही संस्था के उद्देश्य एवं लक्ष्य मुताबिक समय सीमा में कार्यों को पूर्ण कर अपेक्षित प्रगति लाना भी सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में प्रशासनिक स्तर पर पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। जिला कलेक्टर ने दृष्टि योजना के पंख कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई जिले की समस्त स्वयंसेवी संस्थाओं की जिला स्तरीय बैठक में उक्ताशय के निर्देश दिए। म.प्र. जन अभियान परिषद के तत्वाधान में हुई बैठक के अवसर पर कार्ययोजना मुताबिक चरणवार कार्यों पर फोकस करने के विशेष निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर श्रीमती परमार ने बैठक में एनजीओ के प्रतिनिधियों से जिले में क्रियान्वित कार्यों एवं भूमिका के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान समस्त उपस्थितजनों से जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोकथाम के संबंध में चर्चा कर अधीनस्थ स्वयंसेवकों एवं वालंटियर्स के माध्यम से लोगों को पराली जलाने के नुकसान तथा दण्डात्मक कार्यवाही के लिए जागरूक करने की बात कही। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने की सूचना से तत्काल अवगत कराएं। जनसामान्य एवं समुदाय को जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से इसके लिए प्रेरित करने का सार्थक प्रयास किया जाए। साथ ही सूचना तंत्र भी सुढृढ़ करें। परस्पर समन्वय से इस संबंध में ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने की घटना पर दण्डात्मक कार्यवाही की बजाए किसानों को प्राथमिकता के साथ पहले से ही जागरूक करना आवश्यक है।

जिला कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान के सफल क्रियान्वयन में भी सहभागी बनने के लिए कहा तथा फील्ड स्तर पर सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की। अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्यों पर सम्मानित करने के लिए भी कहा। साथ ही शहर के महाराज सागर तालाब एवं अमझिरिया ईको पार्क सहित अन्य स्थलों की साफ-सफाई तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विविध गतिविधियों के दृष्टिगत आवश्यक निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने स्वैच्छिक संगठनों की सहभागिता के साथ जनसहभागिता सुनिश्चित कर प्रतिदिन की गतिविधियों की रूपरेखा अनुसार कार्यों के संपादन के लिए निर्देशित किया। बैठक में एनजीओ प्रमुख एवं प्रतिनिधियों द्वारा बारी-बारी से परिचय देकर संस्था द्वारा क्रियान्वित परिणाममूलक कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी ने भी जन अभियान परिषद के माध्यम से जल गंगा संवर्धन अभियान के वांछित कार्यों पर प्रकाश डाला तथा जल स्रोतों की साफ-सफाई सहित प्याऊ की स्थापना, वर्षाकाल में पौधरोपण तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर विभिन्न कार्यों के संबंध में गतिविधियों के आयोजन केे निर्देश दिए। जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक अनीता जाटव द्वारा आगामी मई माह में समस्त एनजीओ की प्रदेश स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम व प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर संस्थाओं के दायित्वों के संबंध में अवगत कराया गया। साथ ही स्वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण के लिए आरंभ किए गए पंख कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर श्रीराम पथ गमन बृहस्पति कुंड जनसेवा समिति के सचिन मिश्रा एवं पत्रकार एकता मंच के शिवकिशोर पाण्डेय सहित वन, पर्यावरण, जल, ऊर्जा, जैविक एवं प्राकृतिक कृषि, नशामुक्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण आदि के क्षेत्र में कार्यरत अन्य संगठन के प्रतिनिधियों द्वारा भी संगठन के जरिए संपादित कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई। जिला स्तरीय कार्यक्रम में जल गंगा संवर्धन अभियान को सफल बनाने की शपथ भी दिलाई गई। बैठक में परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार सहित परिषद के समस्त विकासखंड समन्वयक भी उपस्थित रहे।

Tag:

Aapka News Star, political news, public news, Panna PRO, MP jansampark, Viral news, breaking news, panna collector Usha Parmar, MP news, Cricket live 

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने