Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 24 फरवरी 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
संयुक्त सचिव ने पीएमश्री स्कूल का भ्रमण कर सुविधाओं का लिया जायजा कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में की समीक्षा।
ब्यूरो.पन्ना मध्यप्रदेश। भारत सरकार की टीम जिले के पीएमश्री स्कूलों की गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से दो दिवसीय भ्रमण पर है। इस क्रम में केन्द्र सरकार केे संयुक्त सचिव अश्वनी श्रीवास्तव ने सोमवार को रमखिरिया स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय और शासकीय कन्या उ.मा. विद्यालय अजयगढ़ का निरीक्षण किया तथा स्कूल की व्यवस्थाओं सहित शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार तथा सह शैक्षणिक गतिविधियों को परखा। पीएम श्री योजना के तहत जिले के 16 स्कूलों को अन्य विद्यालयों की तुलना में विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है। यहां छात्र व शिक्षकों के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म सहित विद्यार्थियों के लिए आईडी कार्ड, आकर्षक सेल्फी प्वांइट, साउंड सिस्टम, साईंस एवं गणित सर्कल, एलईडी लाइटिंग व डस्टबिन की अनिवार्य व्यवस्था की गई है। साथ ही विद्यालय परिसरों में भी स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
संयुक्त सचिव ने विद्यालय निरीक्षण उपरांत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्राचार्य और प्रधानाध्यापक के साथ बैठक की। इस मौके पर उन्होंने सभी पीएम श्री स्कूल के परीक्षा परिणाम, स्मार्ट क्लास सुविधा, विभिन्न लर्निंग मॉड्यूल, अध्ययन सामग्री, डिजिटल बोर्ड के जरिए अध्यापन और शिक्षकों के आवश्यक प्रशिक्षण इत्यादि की जानकारी लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में वर्तमान परिप्रेक्ष्य के मुताबिक व्यवसायिक शिक्षा पर विशेष जोर दें। कौशल विकास शिक्षा का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि इन स्कूलों में अव्वल परिणाम के लिए स्मॉर्ट क्लास का बेहतर उपयोग किया जाए। सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का भी परिणाममूलक क्रियान्वयन सुनिश्चित हो। बच्चों की क्षमतानुसार रोचक गतिविधियों के जरिए सीखने की प्रवृत्ति पर फोकस करें। संयुक्त सचिव द्वारा बैठक में उपस्थित जिले के समस्त पीएम श्री विद्यालयों के प्राचार्य और प्रधानाध्यापक से स्कूलों में उपलब्ध संसाधन व नवाचार गतिविधियों की जानकारी ली गई। इसके अलावा स्कूलों में इंटरनेट सुविधा, प्रयोगशाला, डिजिटल लाइब्रेरी तथा फर्नीचर इत्यादि मूलभूत सुविधाओं के बारे में भी पूछा। खेल मैदान व खेल सुविधाओं विषयक जानकारी भी ली।
ईको क्लब को करें सक्रिय
संयुक्त सचिव द्वारा बैठक में स्कूल कक्षाओं में एलईडी लाईट्स के उपयोग को बढ़ावा देने, रैन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना, पौधरोपण गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण पर केन्द्रित प्रतियोगिताओं के आयोजन, प्लास्टिक फ्री जोन बनाने, स्कूल परिसर में कचरे के उचित निस्तारण सहित ईको क्लब की गतिविधियों को सक्रिय करने के संबंध में निर्देश दिए गए। इसके अलावा जन्म दिवस जैसे विशेष अवसरों पर भी पौधरोपण कार्यक्रम के आयोजन के लिए कहा। उन्होंने जनजागरूकता गतिविधियों सहित व्यवहारिक प्रशिक्षण की बात भी कही। इसके अलावा सभी शिक्षकों को टीएलएम के उपयोग को प्रोत्साहित करने, कैरियर काउंसलिंग सत्र आयोजित करने, बालिका शौचालयों की स्थिति में सुधार, कक्षा 8वीं तक के बच्चों के लिए बैगलैस कॉन्सेप्ट व क्रिएटिव प्रोगेस अपनाने की बात कही। उन्होंने स्कूलों में शिक्षक अभिभावक बैठक, हेल्थ चेकअप कैम्प, सुरक्षा की दृष्टि से मॉर्शल आर्ट्स प्रशिक्षण इत्यादि के बारे में भी पूछा। पीएमश्री स्कूल भ्रमण के उद्देश्य तथा इसके जरिए वांछित बदलावों के संबंध में भी जानकारी से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पीएम श्री पोषित स्कूल आदर्श उदाहरण बनें। इसमें विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी और संस्था प्रमुख का भी अहम योगदान है। इस अवसर का लाभ उठाएं और इसके माध्यम से समाज को बेहतर सेवा प्रदान कर आगे बढ़ें।
कलेक्टर ऊषा परमार ने बैठक में सभी पीएम श्री स्कूलों में स्मॉर्ट क्लास के संबंध में आश्वस्त किया। जिला मुख्यालय पर प्रशिक्षण, हेल्थ चेकअप, परिसर की स्वच्छता इत्यादि विषयों पर जानकारी दी। जिला शिक्षा अधिकारी रविप्रकाश खरे द्वारा उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सुविधाओं के बेहतर उपयोग के बारे में बताया गया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, सहायक संचालक शिक्षा अमित जैन एवं डीपीसी अजय गुप्ता भी उपस्थित रहे।
लघु फिल्म के माध्यम से दिखाई गतिविधियां
समीक्षा बैठक में पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय पन्ना में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के परिपालन में प्रदान की जा रही उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बारे में प्राचार्य अमित दाहिया द्वारा अवगत कराया गया। लघु फिल्म के माध्यम से विद्यालय में प्रेरक वातावरण के बीच अनुभव आधारित शिक्षा, खेल-खेल में ज्ञानवर्धन, जादुई पिटारा, राष्ट्रीय आविष्कार अभियान, नवाचार की भावना विकसित करने, साइबर अवेयरनेस कैम्पेन, व्यवसायिक शिक्षा द्वारा कौशल विकास इत्यादि गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया।
Tag:
Aapka News Star, sports news, public news, MP jansampark, google map, breaking news, political news, viral news, MP news, panna PRO, Google trends
