Editor in Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: अक्टूबर 23, 2025
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में सुनी समस्याएं...
मध्य प्रदेश।।भ्रमण एवं सतत मॉनिटरिंग के जरिए समय सीमा में हितग्राहीमूलक योजनाओं और गतिविधियों के क्रियान्वयन के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को भोपाल से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न जिलों के आवेदकों की समस्याएं सुनकर निराकरण किया। इस मौके पर अधिकारियों को समय सीमा में आमजनों की समस्याओं के प्रभावी निराकरण के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही विभागवार योजनाओं और गतिविधियों का क्रियान्वयन भी भ्रमण और सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी व्हीसी कक्ष में कलेक्टर ऊषा परमार एवं पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू सहित डीएफओ गर्वित गंगवार एवं अनुपम शर्मा, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, एसडीएम संजय कुमार नागवंशी एवं संयुक्त कलेक्टर नरेन्द्र सिंह धुर्वे भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न स्तर पर संचालित ऑनलाइन पोर्टल और हेल्पलाइन व्यवस्था की तकनीकी समस्याओं का अविलंब निराकरण कर एक माह में विशेष अभियान के जरिए सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का निराकरण किया जाए। कंट्रोल रूम पर कम्यूनिकेशन का भी समुचित प्रबंध हो। वर्षाकाल समाप्त होने के उपरांत अब समय सीमा में आम जनता से जुड़े सड़कों तथा अन्य मुद्दों का निपटारा किया जाए। सभी अधिकारी जनता की समस्याएं कम करने की दिशा में विशेष ध्यान दें। जिला कलेक्टर्स शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति प्रकरणों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करें। संस्थाओं का समय-समय पर औचक निरीक्षण भी किया जाए। सरकारी योजनाओं की सब्सिडी राशि का भुगतान भी समय पर हो, इसके लिए बैंक स्तर पर जरूरी समन्वय करें।
मुख्यमंत्री ने खाद बीज की कालाबाजारी पर रोकथाम के निर्देश भी दिए। साथ ही एक से 3 नवम्बर तक मध्यप्रदेश के तीन दिवसीय स्थापना दिवस समारोह में रोजगार एवं उद्योग की थीम पर केन्द्रित गतिविधियों को अनिवार्य रूप से शामिल करने के लिए भी कहा। आगामी 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुण्डा जयंती पर राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के दृष्टिगत उन्होंने विशेष निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्त अधिकारी समय-समय पर शासन से जारी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। संबंधित शासकीय सेवक की जिम्मेवारी तय कर पुराने लंबित प्रकरणों और शिकायतों का भी नियत समय सीमा में निराकरण करें। अधिकारियों से व्हीसी के दौरान आईटी सॉफ्टवेयर के उपयोग के दौरान एसओपी का पालन सुनिश्चित करने, जनकल्याणकारी परियोजनाओं की मॉनिटरिंग, गुड गवर्नेंस के लिए नवाचार, जनसुनवाई को बेहतर व प्रभावी बनाने तथा नियमित रूप से पुलिस थाना निरीक्षण के लिए निर्देशित कर सुशासन की मिसाल स्थापित करने की अपेक्षा भी की।
Tag:
#AapkaNewsStar
#breaking news
#sport news
#mp news
#jansampark MP
#panna local news
#crime news
#public news
#google news
#viral blog
#google trends

