Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्यप्रदेश: 03 जुलाई 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
पुलिस अधीक्षक पन्ना ने मोहन्द्रा पहुंचकर विद्यार्थियों, युवाओं एवं ग्रामीणों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक।
लालच में आकर अपना बैंक खाता किसी को न दें, डिजिटल अरेस्ट सहित साइबर ठगी के नए तरीकों पर की विस्तृत चर्चा
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करने एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील
ब्यूर.पन्ना। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान "SAFE CLICK-2026 2.0" के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू अभियान के अष्टम दिवस ग्राम मोहन्द्रा स्थित गवर्मेंट हायर सेकेंडरी स्कूल पहुँचीं। इस अवसर पर आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों, युवाओं, ग्रामीणजनों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी लोगों से संवाद कर उन्हें साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों, साइबर ठगी के नए-नए तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों, युवाओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश, टास्क फ्रॉड, ऑनलाइन शॉपिंग, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी लोन ऐप, सोशल मीडिया, फर्जी नौकरी, बैंक अधिकारी बनकर कॉल करने तथा अन्य आकर्षक ऑफरों के माध्यम से अपने जाल में फँसा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से बताया कि भारत में "डिजिटल अरेस्ट" जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। यदि कोई व्यक्ति स्वयं को पुलिस, सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग अथवा किसी अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर वीडियो कॉल के माध्यम से डराए, धमकाए या पैसे ट्रांसफर करने के लिए दबाव बनाए, तो यह साइबर ठगी है। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत कॉल समाप्त करें और इसकी सूचना पुलिस को दें।
पुलिस अधीक्षक ने अपील की कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, सीवीवी, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें एवं लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड किसी को भी उपयोग के लिए न दें।
किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, क्यूआर कोड स्कैन करने अथवा अज्ञात एपीके (APK) फ़ाइल एवं स्क्रीन शेयरिंग एप्लिकेशन डाउनलोड करने से बचें। सोशल मीडिया पर प्राप्त किसी भी निवेश, लॉटरी, इनाम, गिफ्ट, नौकरी अथवा अन्य आकर्षक प्रस्तावों की सत्यता की पुष्टि किए बिना उन पर विश्वास न करें।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से विशेष रूप से कहा कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ उपयोग करें, फर्जी प्रोफाइल से सावधान रहें तथा साइबर सुरक्षा संबंधी सही जानकारी अपने परिवार एवं मित्रों तक भी पहुँचाएं। जागरूक नागरिक ही साइबर अपराधों की रोकथाम में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। उपस्थित लोगों को बताया गया कि यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है, तो बिना विलंब किए तत्काल 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई धनराशि को होल्ड अथवा रिकवर किए जाने की संभावना अधिक रहती है।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, Panna police, sefe click abhiyan, cyber security, Ansh media, MP jansampark, Panna PRO

