Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्यप्रदेश: 30 जून 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
SAFE CLICK-2026 2.0 अभियान के षष्ठम दिवस स्वास्थ्य एवं जनसेवा संस्थानों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
ब्यूरो.पन्ना। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय साइबर सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान "SAFE CLICK-2026 2.0" के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में अभियान के षष्ठम दिवस (29 जून 2026) जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में "स्वास्थ्य एवं जनसेवा संस्थान जागरूकता" विषय पर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र एवं अन्य जनसेवा संस्थानों में मरीजों, उनके परिजनों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उपस्थित नागरिकों को डिजिटल माध्यमों से होने वाली साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, एसएमएस, सोशल मीडिया, ऑनलाइन लोन, निवेश, डिजिटल अरेस्ट, बैंक केवाईसी अपडेट, फर्जी नौकरी, ओटीपी, क्यूआर कोड तथा संदिग्ध लिंक एवं APK फ़ाइलों के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। लोगों से अपील की गई कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या एप्लिकेशन को डाउनलोड करने से बचें।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। उपस्थित नागरिकों को बताया गया कि साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करने अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने से समय रहते धोखाधड़ी की धनराशि को होल्ड अथवा रिकवर किए जाने की संभावना बढ़ जाती है।
अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में साइबर सुरक्षा संबंधी पोस्टर एवं संदेश प्रदर्शित किए गए तथा जागरूकता पेम्फलेट वितरित कर नागरिकों से साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की गई। साथ ही सभी से आग्रह किया गया कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।
पन्ना पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी अथवा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल 1930 पर दें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
"स्वस्थ नागरिक – साइबर सुरक्षित समाज"
"सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।"
Tag:
Aapka News Star, political news, Panna PRO, cricket live score, Ansh media, MP jansampark, Panna local news, Panna police, breaking news, BJP News,


