Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 03 जून 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक प्रदेश में आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम
➡️ आम लोगों की शिकायतों के निराकरण के लिए जन कल्याण शिविरों का होगा आयोजन, स्वच्छता एवं जल संरक्षण के लिए प्रदेश के सभी जिलों में चलेंगे विशेष अभियान, एक पेड़ माँ के नाम कार्यक्रम के तहत आयोजित होंगे पौधरोपण कार्यक्रम
मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने की विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा।
ब्यूरो.पुन्ना। मध्यप्रदेश में विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन सभी जिलों में आयोजित किए जाऐंगे। प्रदेश के मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने आज की विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मध्यप्रदेश में 5 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा के संबंध में प्रदेश के सभी संभागायुक्तों और कलेक्टरों को जानकारी दी।
मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने वीसी में जानकारी देते हुए कहा कि 05 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक भारत सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विशेष अभियान संचालित करने का निर्णय लिया है। इस अवधि में प्रदेश के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों में पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी पंजीयन, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा योग जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि अभियान की शुरुआत 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर "एक पेड़ मां के नाम" वृक्षारोपण अभियान से होगी। इसके अंतर्गत पीपल, नीम, बरगद एवं आम जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण वृक्षों का व्यापक रोपण किया जाएगा। अभियान में विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पर्यावरण विभाग इस अभियान का नोडल विभाग होगा, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास एवं आवास, वन तथा उद्यानिकी विभाग सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्लास्टिक अपशिष्ट हटाने पर विशेष जोर देते हुए व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, छात्रावासों सहित सार्वजनिक परिसरों में विशेष सफाई अभियान संचालित किए जाएंगे। साथ ही जल स्रोतों की सफाई एवं गहरीकरण जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
उन्होंने बताया कि 12 से 18 जून 2026 के बीच प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालय पर तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कराया जाएगा। विशेष रूप से आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्य घर, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर फोकस रहेगा।
शिविरों में सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध और शत-प्रतिशत निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही भारत सरकार एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की प्रदर्शनी जनसंपर्क विभाग के सहयोग से लगाई जाएगी। सफलता की कहानियां, चित्रकला प्रतियोगिताएं तथा हितग्राहियों के अनुभव साझा करने जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
उन्होंने प्राकृतिक खेती से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 एवं 20 जून को प्रत्येक जिले में दो स्थानों पर प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें कृषि वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों एवं अनुभवी किसानों द्वारा प्रदर्शन, प्रशिक्षण और व्याख्यान दिए जाएंगे। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग इस कार्यक्रम का नोडल विभाग रहेगा।
मुख्य सचिव ने वीसी में बताया कि अभियान का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के साथ होगा। प्रत्येक विकासखंड एवं नगरीय निकाय में स्थानीय योग समूहों के सहयोग से योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योगाभ्यास आयुष मंत्रालय के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कराया जाएगा। जहां संभव होगा, वहां एक सप्ताह के प्रशिक्षण शिविर भी लगाए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने सभी नोडल विभागों एवं जिला कलेक्टरों को आवश्यक समन्वय के साथ कार्यक्रमों के सफल संचालन के निर्देश दिए हैं। साथ ही आयोजनों में वाहनों के उपयोग को न्यूनतम रखने तथा कार्यक्रम स्थलों एवं मुख्य अतिथियों के निर्धारण के लिए संबंधित जिले के प्रभारी मंत्री से अनुमोदन प्राप्त करने को कहा गया है।
सागर एनआईसी कक्ष से इस बैठक में संभाग आयुक्त श्री अनिल सुचारी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, अपर आयुक्त श्री पवन जैन, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट श्री गगन बिसेन सहित अन्य संबंधित विभागों के जिला अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, Panna PRO, cricket live score, Ansh media, MP jansampark, google trends, Sagar commiss
