Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 13 जून 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
जनकल्याण शिविर में योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें नागरिक- कमिश्नर
➡️ योजनाओं के आवेदन एवं उनका निराकरण जनकल्याण शिविर में होगा - कलेक्टर
➡️ कर्रापुर में आयोजित जनकल्याण शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को किया गया हितलाभों का वितरण
➡️ कर्रापुर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का शुभारंभ, कमिश्नर, कलेक्टर हुए शामिल।
ब्यूरो.पन्ना। सागर जिले में मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जनकल्याण शिविरों के आयोजन की श्रृंखला में आज सागर जिले की नगर पालिका कर्रापुर में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। जनकल्याण शिविर का शुभारंभ कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी एवं कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जनकल्याण शिविर में हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी ने कहा कि इस जनकल्याण शिविर में समस्याओं तथा केंद्र एवं राज्य की कल्याणकारी योजनाओं के प्रकरणों का निराकरण नियत समय-सीमा में किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से शिविर का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि उपस्थित सभी हितग्राही अपनी-अपनी पात्रता के अनुसार शिविर में लगाए गए विभागों के स्टॉलों पर अपना आवेदन दें। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से प्रशासन आपके समक्ष उपस्थित हुआ है। आज इस शिविर के माध्यम से आप सभी लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि समस्त हितग्राही अधिक से अधिक संख्या में शिविर में सहभागी हों। आपके और अधिकारियों के सहयोग से यह जनकल्याण शिविर सफल होगा।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जनकल्याण शिविर कर्रापुर में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि इस जनकल्याण शिविर में सभी विभाग एक साथ एक ही स्थान पर आए हैं। आमजन इस जनकल्याण शिविर का अधिक से अधिक लाभ लें। उन्होंने कहा कि जो भी हितग्राही जिस भी योजना के लिए पात्रता रखता हो, वह उस योजना का लाभ अवश्य ले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को चिन्हित करते हुए उन्हें शासन की विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान करें।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संबल कार्डधारी एवं असंगठित श्रमिकों की वृद्धावस्था और सामाजिक सुरक्षा के लिए बनाई गई एक सरकारी योजना है। योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा मासिक आय 15,000 रुपये तक होना चाहिए। इस योजना के माध्यम से 3,000 रुपये प्रति माह की पेंशन सुनिश्चित की जाती है।
जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। जनकल्याण शिविर में शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण किया गया। इसमें मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के हितग्राही राम नारायण सिंह दांगी, भूपेन्द्र सिंह लोधी, भरत सिंह पटैल एवं राकेश सिंह को दो-दो लाख रुपये की राशि मुहैया कराने के आदेश-पत्र वितरित किए गए।
वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत अजब सिंह दांगी को 15,000 रुपये, रजनेश सेन को 15,000 रुपये, रुपेश सेन को 25,000 रुपये, नीतेश चौबे को 25,000 रुपये, राजाबाबू ठाकुर को 25,000 रुपये तथा प्रदीप राठौर को 15,000 रुपये का बैंक ऋण प्रदान किया गया। इसी प्रकार शालिनी सोनी का कर्मकार कार्ड स्वीकृत किया गया। कर्रापुर नगर परिषद अंतर्गत वार्ड क्रमांक 7 में गणेश पिता हरिराम चौरसिया, सोनू पिता प्रकाश नामदेव एवं पवन पिता कंछेदी को पट्टा वितरित किया गया। ग्राम कर्रापुर के यक्षराज ठाकुर, राजकुमारी शुक्ला, मंजूषा सोनी, निवेदिता श्रीवास्तव सहित अन्य हितग्राहियों को विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
जनकल्याण शिविर में जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक के.वी., अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सागर श्री अमन मिश्रा, तहसीलदार राहुल गौंड, नगर पालिका अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, sport news, Sagar commissioner, google trends, Ansh media, MP jansampark, Panna PRO,


