'

पन्ना मध्यप्रदेश: जनहितैषी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में न बरतें लापरवाही: प्रभारी मंत्री श्री परमार

Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star) 

मध्य प्रदेश: 17 मई 2026

पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)


जनहितैषी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में न बरतें लापरवाही: प्रभारी मंत्री श्री परमार

अधिकारी-कर्मचारी परस्पर समन्वय से दायित्व निर्वहन कर परिणाममूलक प्रगति लाएं

उच्च शिक्षा मंत्री ने समीक्षा बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश

ब्यूरो.पन्ना।  शासन की महत्वाकांक्षी एवं जनहितैषी योजनाओं एवं कार्यक्रम में विभाग स्तर पर परस्पर समन्वय के जरिए परिणाममूलक प्रगति लाना सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा लापरवाही न बरती जाए। निर्माण कार्य भी समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों। इसमें सतत् मॉनिटरिंग के साथ प्रत्येक स्तर पर दायित्वों का बेहतर निर्वाहन करें। उक्ताशय के निर्देश उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा पन्ना जिले के प्रभारी मंत्री इन्दर सिंह परमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई विभागीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों को दिए। इस मौके पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में छोटे-छोटे कार्यों की प्लानिंग कर तथा आवश्यक सर्वे के माध्यम से जल स्रोतों के संवर्धन तथा नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर जल संरचनाओं की उपलब्धता के साथ पौधरोपण की कार्ययोजना बनाने के निर्देश भी दिए। गत बैठक के पालन प्रतिवेदन पर भी विभागवार आवश्यक चर्चा की गई।

प्रभारी मंत्री श्री परमार ने बैठक में विभिन्न निर्माण विभागों के स्वीकृत कार्यों की वर्तमान स्थिति और पूर्णता के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान पीआईयू के कार्यपालन यंत्री को बैठक में उपस्थित न रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर विभाग को भी अवगत कराने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग की परियोजना क्रियान्वयन इकाई द्वारा संपादित कार्यों में लापरवाही पर नाराजगी भी जताई। सभी निर्माण कार्यों की समय सीमा में पूर्णता के उद्देश्य से भी जरूरी निर्देश देते हुए प्रभारी मंत्री ने पीआईयू के उपस्थित अधिकारी को जिले के चार सांदीपनि विद्यालय भवन में आवश्यक कार्य पूर्ण कर तत्काल हैंडओवर करने के लिए निर्देशित किया। पन्ना जिला मुख्यालय पर भवन विकास निगम द्वारा निर्माणाधीन सांदीपनि विद्यालय भवन के बारे में भी जानकारी ली। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा में आवास योजना के कुछ पात्र हितग्राहियों द्वारा राशि आवंटन के बावजूद मकान निर्माण नहीं करने के कारणों की जांच के लिए भी कहा। पीएचई एवं जल जीवन मिशन की पेयजल स्कीम में कार्य के साथ-साथ समानांतर रूप से सड़क मरम्मत के निर्देश दिए। जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार एवं अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की बात कही। बैठक में पन्ना विधायक द्वारा धरमपुर में नवीन तहसील के संचालन के संबंध में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने तथा पवई विधायक द्वारा कल्दा में तहसीलदार की पदस्थापना की बात रखी गई।

पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में शत-प्रतिशत सीट पर हों प्रवेश

प्रभारी मंत्री ने कहा कि पन्ना एवं पवई के शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में शत् प्रतिशत सीट पर प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्थिति में सीट रिक्त न रहे। इसके लिए छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से निरंतर संपर्क किया जाए। उन्होंने कहा कि संपर्क के दौरान यह भी अनिवार्य रूप से अवगत कराएं कि कक्षा 10वीं के बाद पॉलीटेक्निक डिप्लोमा कक्षा 12वीं के समकक्ष है। महाविद्यालय की नवीन ब्रांच में पद स्वीकृति एवं पदपूर्ति के लिए मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए। बैठक में पन्ना रिंग रोड निर्माण, विभिन्न परियोजनाओं में प्रभावित हितग्राहियों को नवीन बसाहट स्थल पर सड़क एवं विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, सरकारी योजनाओं में हितग्राहियों को समय पर राशि के वितरण, सुचारू रूप से खाद्यान्न वितरण सहित फसल उपार्जन उपरांत त्वरित रूप से किसानों को राशि के भुगतान के संबंध में निर्देशित किया गया। इसके अलावा खरीदी केन्द्रों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने तथा कुशलता के साथ खरीदी कार्य को संपन्न कराने के निर्देश दिए। उर्वरक की सुलभ उपलब्धता के लिए भी निर्देशित किया गया।

किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए करें प्रेरित

कैबिनेट मंत्री श्री परमार ने किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा कर अधिकाधिक किसानों को प्राकृतिक खेती करने तथा रासायनिक उर्वरकों को हतोत्साहित करने अथवा सीमित मात्रा में उपयोग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी कृषि अमला किसानों के सतत संपर्क में रहकर शासन की कृषक हितैषी नीतियों व योजनाओं के बारे में किसानों को जागरूक करें। इन उपायों को अपनाने से होने वाले परिवर्तन के बारे में भी कृषकों को अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि गौपालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसान एवं पशुपालकों को देशी नस्ल की गाय पालने के लिए प्रोत्साहन दें। साथ ही गोबर एवं गौमूत्र का भी कृषि क्षेत्र में बेहतर उपयोग किया जाए। कृषि, पशुपालन एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा किसान हित में कार्य कर शासन की किसान कल्याण की मंशा को मूर्त रूप देने का प्रयास किया जाए।

आम नागरिकों को योग कार्यक्रमों से जोड़ें

प्रभारी मंत्री ने कहा कि आयुष विभाग द्वारा आम नागरिकों को योग के महत्व से अवगत कराने तथा दैनिक दिनचर्या में योग को अपनाकर निरोग रहने की मंशा से गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। आयुष संस्थाओं सहित ऑनलाइन लिंक के जरिए भी योग सत्र प्रतिदिन संचालित है। इन कार्यक्रम से लोगों को जोड़ा जाए। साथ ही इसका ग्राम स्तर पर भी सकारात्मक प्रभाव परिलक्षित हो। ग्रामों में योग प्रशिक्षण के दौरान बीमारियों का परीक्षण करने तथा महिलाओं को आयुर्वेद किचन का प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए भी कहा। इस दौरान स्वस्थ्य भारत अभियान से प्रत्येक व्यक्ति को जोड़ने तथा आयुष विभाग में चिकित्सकों सहित समस्त पैरामेडिकल स्टॉफ एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों की सार्थक एप से अटेंडेंस की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही जिले की भवनविहीन आयुष संस्थाओं व मरम्मत योग्य संस्थाओं के संबंध में भी चर्चा हुई।

समीक्षा बैठक में दस्तक अभियान, पोषण पुर्नवास केन्द्रों के संचालन, बालिकाओं एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं तथा इसके माध्यम से आए सामाजिक परिवर्तन पर भी विचार विमर्श किया गया। प्रभारी मंत्री ने लाड़ली बहना योजना के सकारात्मक सामाजिक प्रभाव के संबंध में रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा स्वसहायता समूह की सभी महिलाओं को रोजगारपरक गतिविधियों का लाभ प्रदान करने, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था को निरंतर रूप से सुचारू रखने सहित विद्युत चोरी पर रोकथाम तथा शिविर के माध्यम से अधिक बिजली बिल की शिकायतों के निराकरण के लिए भी निर्देशित किया। साथ ही आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित कर कैंप के जरिए पात्रजनों को लाभांवित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में पन्ना विधायक  बृजेन्द्र प्रताप सिंह व पवई विधायक प्रहलाद लोधी सहित, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय, कलेक्टर ऊषा परमार, जिला पंचाय

 सीईओ उमराव सिंह मरावी तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

Tag:

.Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, sport news, mp jansampark, Panna PRO, ANSH Media, Google trends, Cricket live score, 

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने