Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 26 मई 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
गंगा दशहरा पर जनसहभागिता: पन्ना के महाराज सागर तालाब को स्वच्छ बनाने की मुहिम शुरू
ब्यूरो.पन्ना। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में आगामी 30 जून तक जल संरक्षण और संवर्धन के विभिन्न कार्य संचालित हैं। इसी क्रम में गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर सोमवार सुबह पन्ना नगर के महाराज सागर तालाब में जिला स्तरीय श्रमदान कार्यक्रम के जरिए स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने श्रमदान कर तालाब की सफाई में योगदान दिया। इस दौरान पानी की महत्ता, समुचित उपयोग और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता पर चर्चा कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने पर जोर
कार्यक्रम में पुराने तालाबों के जीर्णोद्धार तथा नवीन तालाब निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इन्हें संरक्षित कर सफाई एवं पानी बचाने का संकल्प लेना वर्तमान समय की महती आवश्यकता है। बुंदेलखण्ड में जल स्रोत लाइफ लाइन हैं, इसलिए इनका महत्व और अधिक बढ़ जाता है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अवरुद्ध जल स्रोतों को संवारने का निर्णय लिया गया है।
पन्ना में 16 प्रमुख तालाबों को पुनर्जीवित करने एवं पानी की निरंतर उपलब्धता के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाकर इन्हें संरक्षित करने का प्रयास जरूरी बताया गया। युवाओं से भी इस कार्य में आगे आकर समाज के लिए बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करने की अपील की गई।
पन्ना विधायक ने कही ये बात
पन्ना विधायक ने कहा कि तालाबों की नगरी के रूप में विख्यात पन्ना धाम में प्राचीन तालाबों को पूर्व की भांति सुंदर बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। इनके सौंदर्यीकरण में बेहतर रखरखाव भी आवश्यक है। उन्होंने बेनीसागर तालाब की तरह अन्य तालाबों को भी क्रमशः गोद लेकर परिणाममूलक कार्य करने की आवश्यकता बताई। तकनीकी विशेषज्ञ की मदद से नगर पालिका द्वारा आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
कलेक्टर ऊषा परमार ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गत दो माह में संपादित विभागवार कार्यों की जानकारी दी और 30 जून तक की कार्ययोजना से अवगत कराया।
ये रहे उपस्थित
इस मौके पर जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय, जयप्रकाश चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, पीओ डूडा शशिकपूर गढपाले, सीएमओ उमाशंकर मिश्रा, जिला समन्वयक जनअभियान परिषद अनीता जाटव सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक व आमजन उपस्थित थे।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, Panna PRO, MP jansampark, Viral news, Ansh media, breaking news, NGO work, MP news,
