'

पन्ना मध्यप्रदेश: पेयजल समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें: कलेक्टर

Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star) 

मध्य प्रदेश: 26 मई 2026

पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)

पेयजल समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें: कलेक्टर

पीएम श्रमयोगी मानधन योजना में सभी पात्र श्रमिकों के पंजीयन के निर्देश

ब्यूरो.पन्ना। कलेक्टर ऊषा परमार ने कहा है कि जिले में स्थानीय निकाय स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर पेयजल समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। पानी की समस्या संबंधी शिकायतों को पंजीबद्ध कर निराकृत करें और शिकायतकर्ता को भी निराकरण की कार्यवाही से अवगत कराया जाए। आगामी दिवसों में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभागीय अधिकारियों द्वारा गंभीरता के साथ पेयजल व्यवस्थाओं की सतत निगरानी एवं समीक्षा कर सुचारू व्यवस्थाओं के लिए अपेक्षित प्रयास के साथ कंट्रोल रूम एवं संपर्क नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करें। जिला कलेक्टर द्वारा सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई साप्ताहिक समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में उक्ताशय के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए गए। इस मौके पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के साथ बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों को भी हमेशा सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के विभागीय बिंदुओं के क्रियान्वयन पर चर्चा कर मुख्य सचिव की गत बैठक के पालन प्रतिवेदन को अविलंब प्रेषित करने के लिए निर्देशित किया गया।

कलेक्टर श्रीमती परमार ने विभागीय अधिकारियों को शासकीय कार्यालयों में नियोजित एवं प्रतिमाह 15 हजार से कम वेतन प्राप्त करने वाले श्रमिक वर्ग कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में पंजीयन करवाने के लिए निर्देशित किया गया। इसके अलावा जिले में नरवाई जलाने पर रोकथाम सहित उर्वरक उपलब्धता, नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास की स्थिति, वर्षाकाल के पहले आवारा गौवंश के विस्थापन, अवैध उत्खनन के विरूद्ध कार्रवाई, पोषण पुनर्वास केन्द्रों में कुपोषित बच्चों के उपचार तथा खाद्य पदार्थ में मिलावट की रोकथाम विषयक जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही नगर पालिका पन्ना के सीएमओ को प्रस्तावित नवीन बस स्टैंड एवं दुकान निर्माण संबंधी आवश्यक कार्यवाही के संबंध में भी निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग प्रमुख जमीन आवंटन वाले विषयों पर प्राथमिकता के साथ कार्यवाही करें। इन प्रकरणों को लंबित न रखा जाए। उन्होंने अजयगढ़ में अवैध कॉलोनी निर्माण के विरूद्ध कार्यवाही पूर्ण करने तथा गीता भवन के लिए अन्य भूमि का प्रस्ताव प्रेषित करने के लिए कहा। बैठक में खाद्यान्न उठाव, भंडारण व वितरण एवं परिवहन संबंधी कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एसडीएम एवं जनपद पंचायत सीईओ को अपने क्षेत्र में स्थित गौशालाओं का बारिश पूर्व निरीक्षण कर पशुओं के लिए पेयजल व्यवस्था आदि की समीक्षा के निर्देश दिए। संबंधित विभागों द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान में क्रियान्वित गतिविधियों की जानकारी भी ली गई। जिला कलेक्टर ने गत अप्रैल माह की सीएम हेल्पलाइन रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन पर अधिकारियों को बधाई भी दी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी एवं अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे सहित संयुक्त कलेक्टर नरेन्द्र सिंह धुर्वे एवं अन्य विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

Tag:

Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, sport news, mp jansampark, Panna PRO, MP news, Ansh media, breaking news, google trend

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने