Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 18 मई 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 18 जून को
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दल की बैठक में दी जानकारी
ब्यूरो.पन्ना। म.प्र. राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल द्वारा गत दिवस 1 जनवरी 2026 की स्थिति में नगरीय निकाय एवं पंचायतों की मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2026 का कार्यक्रम जारी किया गया है, जिसके तहत गत 15 मई को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जा चुका है। आगामी 25 मई को अपरान्ह 3 बजे तक दावा आपत्ति प्राप्त की जाएगी। पुनरीक्षण कार्यक्रम मुताबिक दावा-आपत्ति के निराकरण की अंतिम तिथि 30 मई नियत है। अन्य वांछित कार्रवाई उपरांत 18 जून 2026 को फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
इस संबंध में वांछित कार्यवाही तथा गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभागार में राजनैतिक दल की बैठक आयोजित कर दावा आपत्ति के संबंध में आवश्यक सहयोग की अपील की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऊषा परमार ने पार्टी अध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया। राजनैतिक दल के पदाधिकारियों ने भी आवश्यक सुझाव दिए। बैठक में स्थानीय निकाय की मतदाता सूची की प्रारंभिक प्रकाशन वाली सूची का सेट भी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को उपलब्ध कराया गया। बताया गया कि जिले के सात नगरीय निकायों में गत शुक्रवार को प्रारूप प्रकाशन के बाद कुल 1 लाख 6 हजार 977 मतदाता हैं, जबकि सभी पांच विकासखंड में मतदाताओं की कुल संख्या 6 लाख 65 हजार 405 है। इस मौके पर राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गत माह में विधानसभावार संपन्न हुई एसआईआर कार्रवाई में मृत मतदाताओं को छोड़कर अन्य कारणों से काटे गए मतदाताओं के नाम के संबंध में जांच कार्यवाही पर भी चर्चा हुई। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मधुवंतराव धुर्वे एवं निर्वाचन पर्यवेक्षक उमाशंकर दुबे भी उपस्थित रहे।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, election commission, India news, Ansh media, MP jansampark, Panna PRO, cricket live score, MP news,viral
