'

अजयगढ़ पन्ना: मौत का कुंआ: दर्दनाक हादसे के बाद उबाल, पीड़ित परिवारों का चक्काजाम, बोले- "दोषियों पर दर्ज हो एफआईआर, मिले 1-1 करोड़ मुआवजा"

Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star) 

मध्य प्रदेश: 27 मई 2026

पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)

मौत का कुंआ: दर्दनाक हादसे के बाद उबाल, पीड़ित परिवारों का चक्काजाम, बोले- "दोषियों पर दर्ज हो एफआईआर, मिले 1-1 करोड़ मुआवजा"

पांच मजदूरों की मौत से भड़का आक्रोश, अजयगढ़ के माधोगंज चौराहे पर 2 घंटे तक थमे वाहनों के पहिए

अजयगढ़ ब्यूरो.पन्ना। पन्ना मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र में कल हुए हृदय विदारक कुआं हादसे के बाद आज पीड़ित परिवारों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। कुआं धंसने से पांच मजदूरों की मौत के विरोध में मृतकों के परिजनों, ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं ने अजयगढ़ कस्बे के माधोगंज चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। लगभग दो घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान कानपुर-कटनी मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा और सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा घोषित 4-4 लाख रुपए की मुआवजा राशि को अपर्याप्त बताते हुए प्रत्येक मृतक परिवार को 1-1 करोड़ रुपए मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा बच्चों की शिक्षा और पालन-पोषण की व्यवस्था की मांग उठाई।

पीड़ित परिवारों ने बीहरपुरवा पंचायत के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, उपयंत्री और जनपद पंचायत सीईओ अजयगढ़ के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बिना सुरक्षा इंतजाम मजदूरों को मौत के कुएं में उतारा गया, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

चक्काजाम के दौरान मृतकों के परिजनों में जबरदस्त आक्रोश देखा गया। महिलाएं सड़क पर बैठकर रोती-बिलखती रहीं, कई महिलाएं छाती पीटते हुए शासन-प्रशासन और अपनी किस्मत को कोसती नजर आईं। हादसे में जिन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, उनकी दर्दनाक तस्वीरों ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया।

झुलसा देने वाली गर्मी के बीच ग्रामीण, पीड़ित परिवार और कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर डटे रहे। कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवारों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए उन्हें पूर्ण समर्थन दिया

चक्काजाम के कारण स्टेट हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यहां तक कि स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। गर्मी और जाम से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार सुबह अजयगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बीहरपुरवा के मजरा नयापुरवा में मनरेगा योजना के तहत निर्माणाधीन सार्वजनिक कुएं की मिट्टी अचानक धंस गई थी। हादसे में पांच मजदूर जिंदा दफन हो गए थे। लगभग 2 घंटे बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो सका और करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद पांचों शव बाहर निकाले गए थे।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माणाधीन कुएं का कार्य पंचायत द्वारा ठेके पर कराया जा रहा था। कुआं पिछले वर्ष भी धंस चुका था, इसके बावजूद बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण दिए मजदूरों से जोखिमपूर्ण कार्य कराया जा रहा था।

लगभग दो घंटे बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश तथा दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने के आश्वासन के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। इसके बाद स्टेट हाईवे पर यातायात बहाल हो सका। हालांकि पूरे अजयगढ़ क्षेत्र में अब भी तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Tag:

Aapka News Star, political news, public news, Panna PRO, MP jansampark, Panna local news, Ansh media, sport news, Sagar commissioner, google trends, 


एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने