Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 16 मार्च 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
विश्व उपभोक्ता संरक्षण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर गत रविवार को जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग पन्ना द्वारा उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण वस्तुओं एवं सेवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित करना था।
ब्यूरो.पन्ना। कलेक्टर ऊषा परमार ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी वस्तु या सेवा की खरीद के समय उसकी गुणवत्ता, मानक चिन्ह और वैधता की जांच अवश्य करें तथा किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ता मंच में शिकायत दर्ज कराएं। जिला कलेक्टर ने सतत्् रूप से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण तथा सैम्पल कलेक्शन सहित एक्सपायरी खाद्य सामग्रियों तथा दुकानदारों द्वारा अधिकतम खुदरा कीमत से अधिक दर से सामग्रियों के विक्रय पर रोकथाम की बात कही। साथ ही उपभोक्ताओं को यह भी अवगत कराया गया कि वर्तमान में जिले में गैस सिलेंडर की किसी भी प्रकार की समस्या नहीं है। सुलभ रूप से इसकी आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना कर तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी उपभोक्ताओं के साथ बैठक और जागरूकता गतिविधियों के आयोजन पर जोर दिया।
उपभोक्ता दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में बताया गया कि वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस की थीम सुरक्षित उत्पाद, आत्मविश्वासी उपभोक्ता निर्धारित की गई है। इस विषय का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं विश्वसनीय उत्पाद उपलब्ध कराना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। बताया गया कि उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी की स्थिति में राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1915 अथवा 1800-11-4000 पर कॉल किया जा सकता है। इसके अलावा कंज्यूमर हेल्पलाइन ऑनलाइन पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मीनारायण चिरोलिया सहित अन्य वक्ताओं ने उपभोक्ताओं को असुरक्षित एवं नकली उत्पादों से बचने, वस्तुओं की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच करने तथा ऑनलाइन और वैश्विक बाजार में उपभोक्ता संरक्षण को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही यह भी बताया गया कि विश्व स्तर पर उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा और जागरूकता के लिए विभिन्न अभियान संचालित किए जाते हैं। इस मौके पर विभिन्न उपभोक्ता संगठनों के प्रतिनिधियों सहित उपभोक्तागण तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार राय, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी कल्लू पटेल एवं प्रदीप त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
Tag:
Aapka News Star, sports news, public news, MP jansampark, Panna PRO, panna collector Usha parmar, viral news, Mp News, political news, viral news,
