'

पन्ना मध्य प्रदेश: उप सचिव ने आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केन्द्र सहित विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षण।

Editor in Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star) 

मध्य प्रदेश: दिसम्बर 312025

पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)

उप सचिव ने आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केन्द्र सहित विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षण।

अजयगढ़ में आजीविका दीदियों से किया संवाद

अजयगढ ब्यूरो.पन्ना। भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की उप सचिव एवं आकांक्षी विकासखण्ड अजयगढ़ के लिए नियुक्त प्रभारी अधिकारी डॉ. जीविशा जोशी गंगोपाध्याय ने बुधवार को अजयगढ़ ब्लॉक अंतर्गत आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केन्द्र सहित कई शासकीय संस्थाओं व विकास कार्यों का निरीक्षण कर विभिन्न योजनाओं व गतिविधियों के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उप सचिव द्वारा अजयगढ़ के आजीविका मिशन कार्यालय में ग्रामीण परामर्श केन्द्र का अवलोकन किया गया। इसके माध्यम से एक स्थान पर मिलने वाली कई सेवाओं जैसे कौशल विकास, उत्पाद विक्रय व विस्तार, जैविक संस्थान केन्द्र सहित कौशल विकास, वित्तीय साक्षरता एवं उद्यमिता विकास, कृषि व पशुपालन तथा सामाजिक उत्थान की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। केन्द्र में सेवा प्रदाता महिलाओं से चर्चा की। यहां रुंज महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड के एफपीओ कार्यालय का निरीक्षण कर दाल प्रोसेसिंग एवं पैकिंग इकाई का अवलोकन किया। दाल के विक्रय और जैविक उत्पादों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई। महिलाओं ने आजीविका गतिविधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।

प्रभारी अधिकारी ने लखपति दीदियों से संवाद कर कठिनाईयों तथा आगामी कार्ययोजना के बारे में भी पूछा। उन्होंने ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग नेटवर्क सुदृढ़ करने की सलाह दी। समूह की महिलाओं द्वारा बैंक लोन की सहायता से रोजगारपरक गतिविधियों के संचालन व आर्थिक सशक्तिकरण के प्रयासों के बारे में अवगत कराया गया। हस्तनिर्मित उत्पादों की जानकारी भी दी गई। हनुमतपुर निवासी लखपति दीदी गीता कुशवाहा ने गत 10 वर्ष से समूह से जुड़कर परिवार की आर्थिक व सामाजिक स्थिति में आए परिवर्तन के बारे में बताते हुए कहा कि बकरी पालन गतिविधि से आजीविका की राह चुनी और बाद में आवश्यक प्रशिक्षण प्राप्त कर कृषि सखी के रूप में कार्य किया तथा समूह की मदद से अपने पति को टेंट हाउस का व्यवसाय भी शुरू करवाया। साथ ही महिला अधिकार केन्द्र के सफलतापूर्वक संचालन की जानकारी भी दी। प्रतापपुर की गुलाब स्वसहायत समूह से जुड़ी दीदी ने भी अपने अनुभव साझा किए। उप सचिव डॉ. गंगोपाध्याय ने सफल आजीविका गतिविधियों के लिए महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वसहायता समूहों को सीसीएल की द्वितीय लिंक की राशि 45 लाख रुपए के स्वीकृति पत्र का वितरण भी किया।

एनआरसी में उपचाररत बच्चों की माताओं से किया संवाद

 उप सचिव डॉ. गंगोपाध्याय ने अजयगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पोषण पुनर्वास केन्द्र अजयगढ़ का निरीक्षण भी किया। इस दौरान स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सकों के स्वीकृत एवं रिक्त पदों की जानकारी लेकर विभिन्न कक्षों और वार्डाें का भ्रमण कर स्टॉफ से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। मरीज के परिजनों से भी चर्चा कर सुविधाओं व सेवाओं के बारे में पूछा। पोषण पुनर्वास केन्द्र में उपचाररत कुपोषित बच्चों की माताओं से संवाद कर यहां मिलने वाली सुविधाओं और फॉलोअप आहार सहित बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अजयगढ़ के मृदा परीक्षण प्रयोगशाला की गतिविधियों का जायजा भी लिया और गांव-गांव तक किसानों को मिलने वाली सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।

शहरी आंगनबाड़ी केन्द्र में समक्ष में कराया बच्ची का वजन

उप सचिव ने नगर परिषद अजयगढ़ के वार्ड क्रमांक 3 स्थित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र का भ्रमण कर बच्चों की नियमित उपस्थिति की जानकारी ली। बच्चों से संवाद कर केंद्र की सेवाओं व भोजन व्यवस्था के बारे में पूछा। बालिका भूमिका रैकवार का समक्ष में वजन कराया। इस दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं से केन्द्र की सेवा संबंधी जानकारी प्राप्त कर व्यवस्था में निरंतर सुधार लाने व अन्य सुधारात्मक प्रयास के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को हितग्राहियों से सतत संपर्क के जरिए अपेक्षित सुधार के लिए निर्देशित किया गया।

जल जीवन मिशन परियोजना की ली जानकारी

उप सचिव ने निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कुंवरपुर पहुंचकर जल जीवन मिशन परियोजना अंतर्गत निर्माणाधीन जल शोधन संयंत्र भी देखा तथा मझगांय समूह जल प्रदाय योजना की जानकारी ली। जल निगम के महाप्रबंधक शिवम सिन्हा द्वारा मझगांय डैम की पूर्णता पर लक्षित ग्रामीण परिवारों तक शुद्ध पेयजल के कवरेज की जानकारी दी गई। साथ ही ओवरहेड टैंक निर्माण तथा जल रेखा एप के माध्यम से परियोजना के विभिन्न कार्यों संबंधी जानकारी दर्ज करने के बारे में बताया। ग्राम पंचायत कुंवरपुर के नवीन अटल सुशासन भवन पहुंचकर उप सचिव द्वारा सर्वसुविधायुक्त भवन निर्माण की सराहना की गई। उन्होंने सरपंच एवं सचिव कक्ष सहित अतिथि व कंप्यूटर कक्ष एवं रिकॉर्ड रूम देखा तथा विभिन्न पंजियों का अवलोकन कर निरीक्षण टीप भी अंकित की।

टॉफी एवं खिलौना किट का किया वितरण

आकांक्षी ब्लॉक अजयगढ़ की प्रभारी अधिकारी ने शुरूआत में आंगनबाड़ी केन्द्र आरामगंज में बच्चों से भेंट कर संवाद किया और पंजीकृत बच्चों सहित गर्भवती एवं धात्री माताओं एवं किशोरी बालिकाओं को प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को प्रत्येक बच्चों की जानकारी के संबंध में अद्यतन रहने के निर्देश भी दिए। बच्चों को टॉफी तथा आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों के उपयोग के लिए खिलौना किट का वितरण किया गया। उन्होंने नियमित रूप से केन्द्र में आयोजित गतिविधियों की जानकारी भी ली। आरामगंज के शासकीय प्राथमिक शाला में दर्ज बच्चों के पठन पाठन और अन्य पाठ्येत्तर गतिविधियों के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। आरामगंज के अटल ग्राम सुशासन भवन के निरीक्षण के दौरान उप सचिव को पेंशन व आयुष्मान योजना की अद्यतन प्रगति के संबंध में अवगत कराया गया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना कर ग्राम पंचायत द्वारा संधारित 13 पंजियों को निरंतर अद्यतन करने व आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत बनाने की दिशा में कार्य करने के महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर आरामगंज के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणजनों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच संबंधी जानकारी ली गई। उन्होंने बरियारपुर डैम का भ्रमण कर केन नहर प्रणाली की जानकारी भी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, एसडीएम आलोक मार्काे, परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार, जनपद पंचायत सीईओ सतीश नागवंशी सहित जिला कार्यक्रम अधिकारी अवधेश सिंह एवं आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक प्रमोद शुक्ला भी उपस्थित रहे।

Tag:

Aapka News Star, sports news, Political News, panna collector Usha parmar, Panna PRO, panna local news, latest news, public news, breaking news, viral

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने