Editor in Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: जनवरी 21, 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन अंतर्गत कृषि सखियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
ब्यूरो.पन्ना। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन अंतर्गत जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र पन्ना में आयोजित कृषि सखियों के द्वितीय बैच के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को समापन हुआ। इस अवसर पर जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर के प्रमंडल सदस्य संजीव खरे बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ग्रामों से चयनित 40 कृषि सखियों ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न आयामों से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने जैविक और प्राकृतिक खेती के अंतर को सरल भाषा में समझाया। कृषि सखियों को जीवामृत, घनजीवामृत तथा बीजामृत के निर्माण व उपयोग की विधियां सिखाई गईं, जो मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, फसल की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने तथा उत्पादन वृद्धि में सहायक होंगी। मल्चिंग, वापसा प्रबंधन, फसल विविधीकरण जैसे विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। प्राकृतिक कीटनाशकों जैसे ब्रम्हास्त्र, अग्निअस्त्र तथा नीमास्त्र के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा मृदा परीक्षण तथा प्राकृतिक विधियों से सब्जी, फल और फूल उत्पादन की तकनीकों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इस पहल से जिले में रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होकर टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिलेगा।
प्रशिक्षण के समापन सत्र में कृषि सखियों के प्राकृतिक खेती से संबंधित शंकाओं को दूर किया गया। साथ ही उनके द्वारा प्रशिक्षण के अनुभव भी साझा किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी कृषि सखियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और अपने क्षेत्रों में जाकर किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने की अपेक्षा की गई। समापन कार्यक्रम में केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. पी.एन. त्रिपाठी, तरुण पाठक, विक्रांत दुबे, नोडल अधिकारी डॉ. रितेश जायसवाल, वैज्ञानिक डॉ. आर.पी. सिंह, रितेश बागोरा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जयचंद लोधी, शिवमंगल सिंह, देशराज प्रजापति, जया कोरी, संदीप त्रिपाठी, महक पटेरिया, आरती काल्वे और कृषि सखियां भी उपस्थित रहीं। संचालन रावे छात्रा दिव्यांशिका त्यागी एवं आभार प्रदर्शन डॉ. आर.पी. सिंह द्वारा किया गया ।
Tag:
Aapka News Star, sports news, public news, political news, viral news, MP jansampark, Panna PRO, panna collector Usha parmar, Panna local news, latest
