Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 05 जून 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
पर्यावरण दिवस पर विशेष कार्यक्रम में कंकाली माता मंदिर परिसर में 150 फलदार एवं छायादार पौधों का किया रोपण।
ब्यूरो.पन्ना। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दक्षिण पन्ना वनमंडल अंतर्गत बनौली स्थित मां कंकाली माता मंदिर, कुआंताल परिसर में एक विशेष पर्यावरणीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण विषयक विशेष पुस्तकों का विमोचन तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को पन्ना पर्यावरण गौरव सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में आम, अमरूद, शीशम, कचनार एवं मुनगा सहित कुल 150 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में पवई विधायक प्रहलाद लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे परमार, मुख्य वन संरक्षक नरेश सिंह यादव, पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू, दक्षिण पन्ना वनमंडलाधिकारी अनुपम शर्मा, भारतीय वन सेवा प्रशिक्षु अक्षत जैन तथा मोहन्द्रा वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, क्षेत्रीय ग्रामीणजन तथा बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उपस्थित अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन तथा जनभागीदारी आधारित हरित पहल की आवश्यकता पर बल देते हुए नागरिकों से अधिकाधिक पौधारोपण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा समाज में सकारात्मक पर्यावरणीय प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।
पवई विधायक श्री लोधी ने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के आह्वान पर एवं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में पौधरोपण का महत्वाकांक्षी अभियान संचालित किया जा रहा है। कुआंताल बनौली में जनप्रतिनिधि और अधिकारियों के प्रयास से वृहद स्तरीय पौधरोपण का कार्यक्रम सराहनीय है। उत्सव के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीयजन भी उत्साह के साथ शामिल हुए और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य करने का संकल्प लिया है। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील भी की। विधायक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, sport news, Panna PRO, MP jansampark, Ansh media, cricket live score, BJP News, viral

