Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 03 अप्रैल 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
संयुक्त निदेशक ने की जनगणना कार्यों की समीक्षा।
16 से 30 अप्रैल तक आम नागरिक भी ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं दर्ज कर सकेंगे जानकारी।
ब्यूरो.पन्ना। जनगणना कार्य निदेशालय भोपाल के संयुक्त निदेशक रामावतार पटेल ने शुक्रवार को पन्ना प्रवास के दौरान कलेक्टर कार्यालय के सभागार में जनगणना 2027 अंतर्गत जिले में संचालित गतिविधियों एवं कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर सभाकक्ष में उपस्थित तथा वर्चुअली जुड़े अनुविभागीय जनगणना एवं चार्ज अधिकारियों से वांछित जानकारी प्राप्त कर अनिवार्य रूप से तय समय सीमा में कार्य पूर्णता के निर्देश दिए।
संयुक्त निदेशक ने कहा कि 16 वर्ष बाद होने वाली देश की 16वीं जनगणना का कार्य अतिमहत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यों में शामिल है। भारत की जनगणना भविष्य में विकसित राष्ट्र की नींव का आधार बनेगी। इसमें प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों सहित सभी फील्ड ट्रेनर और चार्ज अधिकारियों को भी गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का सावधानीपूर्वक निर्वहन करना आवश्यक है।
जनगणना के कार्य में किसी भी स्थिति में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी एवं जनगणना अधिनियम की धारा में कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। इसलिए पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ कार्यों को पूर्ण करने का कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनगणना कार्य में रिसोर्स पर्सन के माध्यम से किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या अथवा अवरोध के त्वरित निराकरण के लिए कहा। साथ ही एचएलबी कार्य अविलंब पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना प्रशिक्षण के अलावा प्रत्येक स्तर पर प्रबंधन का कार्य भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। इसलिए अनुविभागीय जनगणना अधिकारी और चार्ज जनगणना अधिकारी द्वारा नियमित रूप से संपादित की जाने वाली गतिविधियों का निरीक्षण भी किया जाए। उन्होंने मकान सूचीकरण, ब्लॉक निर्माण, ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में अपेक्षित कार्य, पोर्टल पर आईडी जनरेशन एवं चार्जवार कर्मचारियों की ड्यूटी सहित प्रतिदिन के कार्यों की समीक्षा एवं मॉनिटरिंग के संबंध में निर्देश दिए।साथ ही जनगणना कार्य को उत्साह के साथ पूरा करने एवं आगामी दिवसों में जिले के 16 चार्जवार नियुक्त प्रगणक व पर्यवेक्षकों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण आयोजित कराने के लिए कहा। विशेष रूप से फील्ड प्रैक्टिस एवं हैण्ड्सऑन प्रशिक्षण पर फोकस करने के निर्देश भी दिए गए।
जनगणना कार्य की समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी 16 से 30 अप्रैल के मध्य आम नागरिक स्वयं घर से संबंधित डाटा ऑनलाइन भर सकेंगे। 33 प्रश्नों के जवाब भरने के उपरांत 16 अंकों की स्वगणना आईडी जनरेट होगी। अगले 30 दिन में जनगणनाकर्मी द्वारा संपर्क करने के बाद आईडी के जरिए डेटा का सत्यापन किया जा सकेगा। माह मई 2026 में मकान गणना के बाद फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना का दूसरा चरण होगा। इस दौरान विभिन्न कार्यों के संपादन के लिए व्यवस्थित रूप से दायित्वों के निर्धारण, आवश्यकता मुताबिक जनगणना कार्यों में पंचायत सचिव को संलग्न करने, डाटा फ्रीज करने व अन्य गतिविधियों के संबंध में चर्चा कर प्रश्नों का समाधान भी किया गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ऊषा परमार ने कहा कि जनगणना कार्यों को समय सीमा में पूर्ण किया जाना जरूरी है। इस कार्य में संलग्न शासकीय सेवक सौंपे गए महत्वपूर्ण दायित्व का जिम्मेवारीपूर्वक निर्वहन करें। अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी मधुवंतराव धुर्वे ने जिले में जनगणना कार्य के प्रशिक्षण सहित आगामी कार्यों की रूपरेखा एवं तैयारियों के बारे में अवगत कराया। बैठक में तहसीलदार अखिलेश प्रजापति, सीएमओ उमाशंकर मिश्रा, ट्रेनर मिलन गुप्ता एवं सहायक अधीक्षक जनगणना शाखा उमाशंकर दुबे भी उपस्थित रहे।
फील्ड ट्रेनर के प्रशिक्षण का लिया जायजा
संयुक्त निदेशक द्वारा बैठक के पूर्व छत्रसाल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पन्ना में आयोजित फील्ड ट्रेनर के प्रशिक्षण का अवलोकन भी किया गया। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना कार्य से संबंधित निर्देश एवं जानकारियों से अवगत कराया। इसके अतिरिक्त प्रगणक व पर्यवेक्षकों द्वारा संपर्क कार्य के दौरान आम जनता से बेहतर व्यवहार व अनुशासन बनाए रखने, बरती जाने वाली सावधानियों, वांछित जानकारी के इंद्राज के दौरान सही कोड के चयन, पारदर्शी प्रक्रिया से कार्य संपादन, प्रश्नों के प्रस्तुतिकरण एवं उत्तरदाता की जानकारियों की प्रविष्टि के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन किया गया।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, Panna PRO, MP jansampark, viral news, cricket live, India News,


