Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 09 मार्च 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
प्राथमिकता से हो किशोरी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण: कलेक्टर
टीएल बैठक में इस सप्ताह लंबित प्रकरणों के प्रभावी निराकरण के दिए गए निर्देश
ब्यूरो.पन्ना। कलेक्टर ऊषा परमार ने कहा है कि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा 14-15 आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं का प्राथमिकता के साथ सत्र आयोजित कर एचपीवी टीकाकरण किया जाए। इसके लिए जनपद पंचायत सीईओ, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग तथा बीएमओ समन्वय के साथ कार्य करें। कार्ययोजना मुताबिक अलग-अलग चरण में छात्रावासों में निवासरत छात्राओं सहित अन्य बालिकाओं का भी टीकाकरण सुनिश्चित हो। जिला कलेक्टर द्वारा सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई टीएल बैठक में उक्ताशय के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर आगामी दिवसों में गेहूं उपार्जन के दृष्टिगत आवश्यक तैयारियों तथा समय पूर्व जरूरी प्रबंध की समीक्षा कर समुचित परिवहन व भंडारण के लिए भी निर्देशित किया गया। कलेक्टर श्रीमती परमार ने विभागीय अधिकारियों से इस सप्ताह सीएम हेल्पलाइन के प्रभावी निराकरण के लिए भी कहा। साथ ही बगैर सुनवाई के शिकायतों को फोर्स क्लोज न करने की नसीहत भी दी। कलेक्टर ने कहा कि एल 1 सहित प्रत्येक स्तर पर अनिवार्य रूप से सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को अटेंड किया जाए।
कलेक्टर ने टीएल और जनसुनवाई पत्रों के विभागवार लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और समय सीमा में निराकरण के लिए कहा। इसके अलावा वर्तमान माह के खाद्यान्न उठाव व भंडारण, शहरी और विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्याओं के निराकरण, लक्ष्मीपुर स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों को आवागमन हेतु निःशुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराने, पीएम विश्वकर्मा योजना सहित अन्य रोजगारपरक योजनाओं में बैंक स्तर से समन्वय पश्चात प्रकरणों की स्वीकृति के संबंध में भी चर्चा की गई। साथ ही समर्थन मूल्य पर गेहूं के उपार्जन पश्चात् भंडारण हेतु गोदाम का भौतिक सत्यापन करने के लिए भी निर्देश दिए गए। आकांक्षी विकासखंड अजयगढ़ में संचालित संपूर्णता अभियान सहित संकल्प से समाधान अभियान में प्राप्त एक लाख 36 हजार से अधिक आवेदनों का त्वरित गति से निराकरण व हितलाभ वितरण, अभियान के तहत आगामी तृतीय व चतुर्थ चरण की गतिविधियों सहित 15 मार्च तक संचालित अभियान के द्वितीय चरण में छूटे हुए स्थानों पर शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही प्रत्येक विकासखंड में शिविर के माध्यम से उचित जांच व परीक्षण उपरांत जरूरतमंदों को चश्मों का वितरण कराने के लिए भी कहा। जिला कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। इस मौके पर सीएम डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग में सुधार के लिए विभागवार निरंतर अपेक्षित कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया। टीएल बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी एवं अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
Tag:
Aapka News Star, sports news, public news, political News, MP police, panna collector Usha parmar, viral news, breaking News, ansh Media, bhopal news,
