Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 27 फरवरी 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
शांति एवं सामाजिक सद्भाव के साथ मनाएं आगामी त्यौहार।
कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक।
ब्यूरो.पन्ना। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट ऊषा परमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गत दिवस आगामी पर्वों के दृष्टिगत जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। इस मौके पर सभी त्यौहारों को शांति एवं सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। समिति के सदस्यगणों से आवश्यक सुझाव भी प्राप्त किए गए। विदित हो कि आगामी 2 मार्च को होलिका दहन, 3 मार्च को होली एवं 21 मार्च को ईद-उल-फित्र का पर्व मनाया जाएगा।
जिला कलेक्टर ने बैठक में कहा कि होलिका दहन सड़क के बीच, विद्युत तार के नीचे अथवा मुख्य चौराहों पर न किया जाए। यातायात प्रबंधन सहित वाहन चालको से अवैध वसूली पर रोकथाम, आबकारी के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने, निर्बाध विद्युत एवं पेयजल सप्लाई, विभिन्न स्थानों पर मेडिकल टीम की तैनाती व एम्बुलेंस एवं फायर बिग्रेड व्यवस्था, जनजागरूकता सहित बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्धारित डेसीबल पर ही ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग किया जाए। बैठक में नगर पालिका के अधिकारी को डॉग बाइट की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्यवाही के लिए भी निर्देशित किया गया। इसके अलावा होली पर श्रीजुगल किशोर मंदिर में सुरक्षा उपायों के दृष्टिगत भी आवश्यक चर्चा की गई। आगामी ईद पर्व सहित अन्य त्यौहारों पर विशेष रूप से साफ-सफाई व सुरक्षा व्यवस्था, 19 मार्च को गुडी पड़वा से आरंभ होने वाले नवदुर्गा उत्सव के दौरान विभिन्न स्थानों पर चौकसी, खुले में खाद्य सामग्रियों के विक्रय पर रोकथाम व निरंतर नमूना लेने की कार्रवाई, नगर पालिका की टीम द्वारा अवैध मावा के विक्रय पर छापामार कार्यवाही इत्यादि के संबंध में भी चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। शांति समिति की जिला स्तरीय बैठक में आगामी 20 मार्च को चैती चांद, 27 मार्च को रामनवमी, 31 मार्च को महावीर जयंती, 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे, 14 अप्रैल को डॉ. अम्बेडकर जयंती, 20 अप्रैल को परशुराम जयंती तथा 1 मई को बुद्ध पूर्णिमा पर्व की आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी विचार विमर्श किया गया।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने कहा कि सभी पर्वों के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहेगा। अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध भी बगैर किसी पक्षपात के कड़ी कार्यवाही की जाएगी। इसलिए सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संवेदनशीलता के साथ सभी त्यौहारों को मनाया जाए। चैत्र नवरात्र पर खेर माता मंदिर स्थल में नौ दिवस तक निरंतर वन विभाग के कर्मचारी की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय एवं सतानंद गौतम सहित अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान, एसडीएम संजय कुमार नागवंशी, थाना प्रभारी कोतवाली रोहित मिश्रा एवं यातायात प्रभारी नीलम लक्षकार भी उपस्थित रहीं।
Tag:
Aapka News Star, sports news, public news, MP jansampark, Panna PRO, MP news, streaming online, political news, viral news, Bhopal MP news, panna news
