Editor in Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: जनवरी 16, 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का हुआ सफल आयोजन...
ब्यूरो.पन्ना। राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशानुसार तथा जिला कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के मार्गदर्शन में गत गुरूवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पन्ना में जिला स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें जिले के सभी 5 ब्लॉक से चयनित छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इस दौरान मॉडल में 59, लघुनाटिका एवं सेमिनार में 8-8 तथा स्थानीय गीत में 7 विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों द्वारा विभिन्न गतिविधियों की रोचक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही विषयों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने वाले कौशल पर आधारित नवाचार तकनीक, जैविक पद्धति से कृषि, जल संरक्षण, सोलर ऊर्जा आदि से संबंधित मॉडल भी प्रस्तुत किए गए। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों ने भी विज्ञान के प्रति अपनी समझ और रचनात्मक सोच का प्रदर्शन करते हुए बेहतर एवं उत्कृष्ट मॉडल तैयार किए।
जिला स्तरीय प्रदर्शनी में सांदीपनि विद्यालय पन्ना की छात्रा महक धामी ने मनोरंजक गणितीय मॉडलिंग खेल-खेल में गणित सीखने की रोचक अवधारणा को मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया। अकादमिक टीम द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन कर मूल्यांकन तथा ऑनलाइन पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की गई। जिला शिक्षा अधिकारी एवं डाइट प्राचार्य रविप्रकाश खरे द्वारा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर विज्ञान के प्रति रूचि जागृत करने और आओ करके सीखें की नवीन अवधारणाओं के बारे में बताया गया। डीपीसी अजय कुमार गुप्ता ने विज्ञान की वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रदर्शनी में शामिल सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और सभी छात्र-छात्राओं, मार्गदर्शी शिक्षकों, अभिभावकों को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में बाहर से आए हुए आगंतुक और जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया गया। प्रदर्शनी का संचालन सहायक परियोजना समन्वयक सत्येन्द्र प्रताप सिंह एवं वरिष्ठ व्याख्याता भानूप्रकाश खरे ने किया। प्रदर्शनी में राष्ट्रपति पुरूस्कार प्राप्त चंद्रभान सेन सहित जिला शिक्षा केन्द्र से गोविन्द तिवारी, बालमुकुंद तिवारी, नारायण सिंह एवं नरेन्द्र पटेल भी उपस्थित रहे।
Tag:
Aapka News Star, sports news, public news, MP jansampark, Panna PRO, MP news, streaming online, political news, viral news, Bhopal MP news, Breaking

