Editor in Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: दिसम्बर 15, 2025
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
मध्य प्रदेश।खजुराहो संसदीय क्षेत्र अंतर्गत सांसद खेल महोत्सव में मंडल स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के बाद विधानसभा क्षेत्र स्तर पर खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने पन्ना शहर में पॉलिटेक्निक खेल ग्राउण्ड में आयोजित कार्यक्रम में इसका शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन उपरांत 100 मीटर दौड़, खो-खो एवं कबड्डी की प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। 16 दिसम्बर को भी विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन किया जाएगा, जबकि 25 दिसम्बर को छत्रसाल स्टेडियम पन्ना में समापन कार्यक्रम होगा।
पन्ना विधानसभा स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर सांसद श्री शर्मा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फिट युवा विकसित भारत के संकल्प का आधार है। लोकसभा क्षेत्र में एक लाख 30 हजार युवाओं का पंजीयन खेल के प्रति आकर्षण और उत्साह का परिचायक है। इसके माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। सांसद ने कहा कि खेल एवं खिलाड़ियों की सुविधाओं व संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे। भविष्य में प्रत्येक खेल के लिए जरूरी सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के साथ किया जाएगा। इस खेल स्पर्धा में अंडर 15 एवं अंडर 19 सहित वयस्क श्रेणी में भी खेल में हुनर व जौहर दिखाने का अवसर मिला है। खेल महोत्सव को सफल बनाने में प्रत्येक मंडल में खेल के आयोजकों सहित शिक्षा व खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का प्रयास भी सराहनीय है।
पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं से नई ऊर्जा व उमंग का संचार होता है। इस खेल उत्सव के माध्यम से मुख्यतः ग्रामीण परिवेश के युवाओं को अपने टैलेंट प्रदर्शन के लिए बेहतर मौका मिला। उन्होंने कहा कि पन्ना की खेल प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भी अपना हुनर दिखाया है। जीवन में खेल का अलग महत्व है। सरकार द्वारा भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि के साथ जॉब के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। इस दौरान आगामी 3 से 10 जनवरी तक प्रस्तावित विधायक कप क्रिकेट टूर्नामेंट तथा 19 से 26 जनवरी तक राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल टूर्नामेंट आयोजन की जानकारी दी।
साथ ही सांसद खेल महोत्सव में शामिल प्रतिभागियों सहित आयोजनकर्ताओं को बधाई दी। जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा ने अपने संबोधन में खेल महोत्सव के आरंभ से अब तक के कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशासन के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर नपाध्यक्ष मीना पाण्डेय, नपा उपाध्यक्ष आशा गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष अजयगढ़ सीता गुप्ता सहित सतानंद गौतम, रविराज यादव, आशुतोष महदेले, सुशील त्रिपाठी, कमल लालवानी, कैलाश गुप्ता, विनोद तिवारी, राजेन्द्र कुशवाहा, सुरेश यादव, धीरू वाजपेयी, विष्णु प्रताप सिंह, विजय पटेल, शशि परमार एवं कलेक्टर ऊषा परमार, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार भी उपस्थित रहे।
Tag:
Aapka News Star, sports News, Public news, political news, viral news, MP jansampark, Panna PRO, MP news, Panna collector Usha parmar, viral news,



