मध्य प्रदेश: दिसम्बर 23, 2025
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
कृषि विज्ञान केन्द्र में राष्ट्रीय किसान दिवस का आयोजन...
ब्यूरो.पन्ना। कृषि विज्ञान केंद्र पन्ना में देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्म जयंती अवसर पर मंगलवार को राष्ट्रीय किसान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर किसान कल्याण एवं कृषि मंत्री, भारत सरकार शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का सजीव प्रसारण भी केंद्र पर कृषकों की उपस्थिति में किया गया।
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर सभी अन्नदाताओं को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि भारत सरकार ने गांव एवं श्रमिकों के सर्वांगीण विकास के लिए विकसित भारत-जी राम जी एक्ट 2025 बनाया है। इससे गांव की दशा एवं श्रमिकों के जीवन में मूलभूत परिवर्तन होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उपाध्यक्ष जिला पंचायत संतोष सिंह यादव ने मृदा स्वास्थ्य, पर्यावरण संतुलन एवं मानव स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए प्राकृतिक खेती अपनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उन्नत कृषि तकनीकी के साथ फसल विविधीकरण अपनाने पर भी ध्यान आकृष्ट कराया।
केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. पी.एन. त्रिपाठी ने राष्ट्रीय किसान दिवस के पृष्ठभूमि एवं कृषि की समसामयिकी विषय पर चर्चा की। पशुपालन विभाग के आर.के. मिश्रा ने मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के बारे में बताया। वीडियो के माध्यम से अभियान के मुख्य उद्देश्य का भी प्रसारण किया गया। सहायक संचालक उद्यानिकी प्रदीप श्रीवास्तव ने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कृषक एवं पीएम एक्सीलेंस छत्रसाल महाविद्यालय पन्ना के छात्रों ने केंद्र पर स्थित विभिन्न प्रदर्शन इकाइयों का भ्रमण किया तथा कृषि नवाचारों से अवगत हुए। कार्यक्रम में उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. एन.के. गुप्ता, छत्रसाल महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. मनोज शुक्ला, ज्ञानेन्द्र तिवारी, कपूर सिंह, राघवेन्द्र सिंह, समीना युसूफ, रविकांत पाठक, केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जायसवाल, रितेश बागोरा, देशराज प्रजापति, संदीप त्रिपाठी, रावे छात्र एवं विभिन्न ग्रामों से आए हुए बड़ी संख्या में कृषक भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. रणविजय प्रताप सिंह द्वारा किया गया।
Tag:
Aapka News Star, breaking news, public news, MP jansampark, Panna PRO, panna collector Usha parmar, viral news, MP police, , MP news, panna local news
