Chief in editor: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्यप्रदेश: 13 अगस्त 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
गुनौर विधायक ने बैठक लेकर की विकास कार्यों की समीक्षा।
समय-सीमा में लंबित कार्यों को पूर्ण कराने दिए निर्देश।
गुनौर ब्यूरो.पन्ना। गुनौर विधायक डॉ. राजेश वर्मा ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न विभागों के संचालित विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने समन्वय एवं पारदर्शिता के साथ लंबित कार्यों के अवरोध दूर कराने के लिए भी कहा। विभागवार प्रगतिरत और पूर्ण कार्यों की जानकारी भी ली। जनपद पंचायत गुनौर के सभागार में संपन्न हुई समीक्षा बैठक में निर्माण विभाग अंतर्गत लोक निर्माण विभाग सहित जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, परियोजना क्रियान्वयन इकाई तथा जल निगम के कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर विधायक ने कार्यों के लंबित भुगतान के संबंध में अविलंब कार्रवाई और लापरवाह ठेकेदार के विरुद्ध कार्यवाही के लिए भी निर्देशित किया। स्वीकृत एवं लंबित सड़क निर्माण के कार्यों में भी तत्काल टेंडर की कार्यवाही पूर्ण करने के लिए कहा। विधायक डॉ. वर्मा ने नवीन कार्यों की जानकारी लेकर जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री को जसवंतपुरा और श्यामरडाडा तालाब के विभिन्न मुद्दों से संबंधित समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। इस मौके पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शासकीय विद्यालयों के परीक्षा परिणाम में सुधार के संबंध में अपेक्षित कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए। विधायक ने कहा कि वन विभाग द्वारा संयुक्त सर्वे और जांच उपरांत पात्रजनों को पट्टे वितरण के लिए नियम मुताबिक कार्यवाही की जाए। इस क्रम में आगामी दिवस में अविलंब नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्रों के हैंडओवर तथा पोस्टमॉर्टम के लिए आउटसोर्स कर्मी रखने के लिए निर्देशित किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गारंटी अवधि की सड़कों के मरम्मत पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए। बताया गया कि मजरा टोला योजना में नवीन स्वीकृत सड़कों का कार्य भी शीघ्र आरंभ किया जाएगा। बैठक में उचित मूल्य दुकानों के संचालन तथा खाद्यान्न वितरण सहित नगर परिषद अमानगंज, देवेन्द्रनगर व ककरहटी अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों जैसे पेयजल सप्लाई, स्वच्छ भारत मिशन, नगरीय क्षेत्र में जल भराव की समस्या के निराकरण के लिए कार्ययोजना तैयार करने इत्यादि पर भी चर्चा की गई। नगर परिषद देवेन्द्रनगर में 71 लाख रुपए लागत राशि के प्रचलित एक कार्य को अनिवार्य रूप से 6 माह में पूर्ण करने के सख्त निर्देश भी सीएमओ को दिए गए। विधायक ने कहा कि विकासपरक जरूरी कार्यों में लापरवाही की स्थिति में ठेकेदार पर पेनल्टी लगाएं। आवश्यक होने पर ठेका निरस्त करने की कार्यवाही भी की जाए। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को विद्युतविहीन आंगनवाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन की कार्यवाही के निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक और सांसद निधि के कार्यों की भी समीक्षा हुई।
कलेक्टर ऊषा परमार ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविरों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शिविर के पूर्व समस्त आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के लिए कहा। बैठक में ग्राम पंचायत पाली में 19 लाख रुपए राशि के बकाया बिजली बिल सहित अन्य पंचायतों के भी अधिक बिजली बिल राशि के मामलों की जांच व सत्यापन के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर द्वारा उर्वरक उपलब्धता एवं वितरण तथा प्रत्येक गौ शालाओं का निरीक्षण कर चारा-भूसा की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आवश्यक सुधार लाने के लिए निर्देशित किया गया। इसके अलावा छात्रावास में छात्र-छात्राओं के लिए सभी सुविधाओं की उपलब्धता व शालाओं के निरंतर निरीक्षण एवं शिक्षकों की ई-अटेंडेंस सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी सहित एसडीएम नरेन्द्र सिंह धुर्वे, जनपद पंचायत सीईओ रानू जैन तथा संबंधित विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
Tag:
Aapka News Star, political news, public news, Panna local news, sport news, Sagar commissioner, Panna PRO, MP jansampark, ansh Media, MP police, Viral
P

