![]() |
| panna-collector-usha-parmar-gram-bori-bhraman-poshan-kit-vitaran.jpg |
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति। शाहनगर,पन्ना, मध्यपदेश, 03 सितम्बर 2026
कलेक्टर ऊषा परमार ने किया शाहनगर के ग्राम बोरी का भ्रमण, गर्भवती महिलाओं को बांटी पोषण किट और सुनी जन समस्याएं
कलेक्टर ने शाहनगर क्षेत्र का किया भ्रमण, ग्रामवासियों से संवाद कर समस्याओं का किया निराकरण
शाहनगर ब्यूरो.पन्ना। पन्ना जिले की कलेक्टर श्रीमती ऊषा परमार ने गुरुवार को शाहनगर विकासखंड क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत बोरी में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ग्रामवासियों से सीधा संवाद किया। जिला कलेक्टर के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया। बताया जा रहा है कि ग्राम बोरी में किसी भी शासकीय कार्यक्रम में पहली बार जिला कलेक्टर का आगमन हुआ है, जिसको लेकर सभी ग्रामवासी काफी उत्साहित थे।
कलेक्टर श्रीमती परमार ने इस मौके पर उपस्थितजनों की समस्याएं बड़ी गंभीरता से सुनीं और कई समस्याओं का तत्परतापूर्वक निराकरण करने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही दिए।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर दिए तत्काल निराकरण के निर्देश
संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने अपनी कई समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। ग्रामीणों ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में देरी, जन्म प्रमाण पत्र न बनने, आधार कार्ड में त्रुटि और छात्रवृत्ति के भुगतान से संबंधित प्रकरणों के बारे में बताया। कलेक्टर श्रीमती परमार ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लिया और लंबित आवेदनों की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामवासियों के सभी लंबित आवेदनों का अभियान चलाकर निराकरण किया जाए। इसके लिए उन्होंने आगामी दिनों में गांव में ही आधार कैंप लगाने और राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए राजस्व शिविर लगाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा लोगों के आवेदनों पर समग्र आईडी में सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, अतिक्रमण हटवाने और गांव के पहुंच मार्ग को दुरुस्त करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामवासियों के जमीन से संबंधित मामलों के निराकरण के लिए आवेदन प्राप्त कर अभियान मोड में इनका निराकरण किया जाए। इसके लिए जरूरत पड़ने पर अधिकारी घर-घर जाकर भी संपर्क करें।
शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का दिलाया भरोसा
कलेक्टर श्रीमती परमार ने ग्रामीणजनों और विशेषकर महिलाओं को आश्वस्त किया कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दिया जाएगा। उन्होंने सरपंच द्वारा गांव में कराए गए विकास कार्यों की भी प्रशंसा की और अन्य पंचायतों को भी इससे प्रेरणा लेने को कहा।
उन्होंने उपस्थित स्कूली विद्यार्थियों से भी बातचीत की। बच्चों से विद्यालय में अध्ययन, स्कूल की मूलभूत व्यवस्थाओं और उनकी रुचि के विषयों के बारे में जानकारी ली। गांव के समग्र विकास को लेकर भी ग्रामवासियों के साथ विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने आदिवासी समुदाय के लोगों की सुविधाओं और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बुजुर्गों का किया सम्मान, गर्भवती माताओं को वितरित की पोषण किट
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर द्वारा गांव के बुजुर्ग नागरिकों का शॉल-श्रीफल देकर सम्मान किया गया। बुजुर्गों का सम्मान कर उन्होंने समाज में उनके योगदान को याद किया।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की योजना के तहत गर्भवती माताओं को पोषण किट का वितरण भी किया गया। कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जच्चा-बच्चा दोनों के स्वास्थ्य के लिए पोषण बहुत जरूरी है और शासन इसको लेकर काफी गंभीर है।
अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास की देखी व्यवस्थाएं
ग्राम भ्रमण के दौरान कलेक्टर ऊषा परमार ने जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी के साथ बोरी स्थित शासकीय अनुसूचित जनजाति सीनियर बालक छात्रावास का भी औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने छात्रावास के विभिन्न कक्षों, रसोईघर और शौचालयों का अवलोकन कर व्यवस्थाएं देखीं। वहां निवासरत छात्रों से बारी-बारी से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक सुझाव भी प्राप्त किए।
कलेक्टर ने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई पर फोकस करने और कैरियर निर्माण के लिए महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए। उन्होंने बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ सामूहिक फोटो भी खिंचवाई। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर अनुराग गुर्जर एवं जिला संयोजक जयप्रताप भदौरिया भी उपस्थित रहे।
Panna News, Shahnagar News, Collector Panna, MP News, Aapka News Star, Ansh Media


