'

पन्ना के मेधावी छात्र नीरज प्रजापति ने राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में जीता दूसरा स्थान, कलेक्टर ऊषा परमार ने किया सम्मानित


पत्रकार: राजकुमार प्रजापति । मध्यप्रदेश,पन्ना 24 अगस्त 2026

           

पन्ना के मेधावी छात्र नीरज प्रजापति ने राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में जीता दूसरा स्थान, कलेक्टर ऊषा परमार ने किया सम्मानित

अजयगढ़ ब्यूरो.पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा गत 20 एवं 21 अगस्त को मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय गणित, विज्ञान, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी 2025-26 का सफल आयोजन संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी में प्रदेश भर के सैकड़ों मेधावी छात्रों ने अपने-अपने मॉडल प्रस्तुत किए।

इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में पन्ना जिले के विकासखण्ड अजयगढ़ अंतर्गत आने वाले शासकीय माध्यमिक विद्यालय खरौनीपुरवा में कक्षा 6वीं में अध्ययनरत मेधावी छात्र नीरज प्रजापति ने सागर संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए इतिहास रच दिया।

पर्यावरण संरक्षण पर बनाया अनोखा मॉडल:

छात्र नीरज प्रजापति ने पर्यावरण संरक्षण जैसे गंभीर विषय पर आधारित मॉडल 'अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक के विकल्प पर आधारित रिसाइकिल बिन प्लांट' का उत्कृष्ट प्रदर्शन व प्रस्तुतीकरण किया। उसके मॉडल में बताया गया था कि कैसे कचरे को अलग-अलग कर रिसाइकिल किया जा सकता है और प्लास्टिक की जगह पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग कैसे किया जा सकता है।

निर्णायक मंडल ने उसके इस आइडिया की खूब सराहना की और उसे राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्रदान किया। यह उपलब्धि न केवल उसके स्कूल के लिए बल्कि पूरे पन्ना जिले के लिए गर्व की बात है। एक छोटे से गांव के सरकारी स्कूल के छात्र का राज्य स्तर पर सम्मान पाना अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

कलेक्टर ने बढ़ाया हौसला, दिया उपहार:

मेधावी छात्र की इस शानदार उपलब्धि की खबर मिलते ही जिला प्रशासन में खुशी की लहर दौड़ गई। पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार ने सोमवार, 24 अगस्त को कलेक्ट्रेट कार्यालय में छात्र नीरज प्रजापति और उसके पिता को विशेष रूप से आमंत्रित किया।

कलेक्टर ने छात्र से मुलाकात कर उसका उत्साहवर्धन किया, उसकी पूरी प्रोजेक्ट रिपोर्ट समझी और उपहार भेंट कर पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मेधावी छात्र ही देश का भविष्य हैं और प्रशासन ऐसे छात्रों को हर संभव मदद प्रदान करेगा। उन्होंने शिक्षकों से भी ऐसे नवाचारों को बढ़ावा देने की अपील की।

ये रहे मौजूद:

इस गरिमामय सम्मान समारोह के अवसर पर जिला पंचायत पन्ना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी, अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, अनुविभागीय अधिकारी अजयगढ़ संजय नागवंशी, जिला परियोजना समन्वयक किरण कौशिक, सहायक परियोजना समन्वयक सत्येन्द्र प्रताप सिंह व गोविंद तिवारी, मेंटर्स शिक्षक सत्येन्द्र कुमार मौर्य एवं छात्र के पिता शिवकुमार प्रजापति विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने छात्र के उज्जवल भविष्य की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने