Chief: Rajesh Patel (Aapka news Star)
मध्य प्रदेश: 31 जनवरी 2026
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति (अजयगढ़)
कृषक कल्याण वर्ष का करें प्रभावी क्रियान्वयन: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री ने वीसी से दिए निर्देश
मध्य प्रदेश। सरकार ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया है। कृषि वर्ष के आयोजन और प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से समस्त जिलों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी वीसी कक्ष में कलेक्टर ऊषा परमार, जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी एवं उप संचालक कृषि ओ.पी. तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष के दौरान किसानों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। किसान रथ चलाए जाएं। इनका शुभारंभ स्थानीय सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से ही कराएं। उन्होंने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष में किसानों से विभिन्न स्थानों पर निरंतर संवाद करें। प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करें। जलवायु, ऊर्जा एवं सतत् कृषि को बढ़ावा देने के लिए ई-विकास पोर्टल एवं किसानों को संतुलित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग के लिए जागरूक किया जाए। दलहनी और तिलहनी फसलों का उत्पादन क्षेत्र बढ़ाने के लिए भी व्यापक प्रचार-प्रसार करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष में कृषि आधारित उद्योगों के विकास के लिए हर जरूरी प्रयास किए जाएं। कृषक कल्याण वर्ष मनाने में किसान कल्याण एवं कृषि विकास के नेतृत्व में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन एवं डेयरी, मत्स्य पालन, जल संसाधन, सहकारिता, ऊर्जा, राजस्व, वन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कुटीर एवं ग्रामोद्योग सहित 15 से अधिक विभाग सक्रिय भूमिका निभाएंगे। वीसी में पराली व नरवाई जलाने की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने, जिले का नरवाई प्रबंधन प्लान बनाने, खेतों से निकलने वाली पराली एवं भूसे के समुचित उपयोग तथा फसलों के अवशेष से गोबर से कंपोजिट बायोगैस संयंत्रों की स्थापना सहित गौवंश के लाभ के लिए किसानों द्वारा खेत से निकली पराली और भूसा निकटतम छोटी-बड़ी गौशालाओं में ही पहुंचाने के लिए भी निर्देशित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए समन्वित प्रयास, पशुपालकों को नस्ल सुधार, पशु पोषण एवं पशु स्वास्थ्य पर ध्यान देने से होने वाले आर्थिक लाभों के बारे में जागरूक करने, मत्स्य बीज उत्पादन के लिए जिला स्तर पर अधिकाधिक मत्स्य प्रक्षेत्र विकसित करने, हर नगरीय निकाय क्षेत्र में फिश पार्लर स्थापित कर मछली विक्रेता द्वारा तय फिश पार्लर अथवा मार्केट में ही मछली का विक्रय सुनिश्चित कराने के लिए भी निर्देशित किया।
Tag:
Aapka News Star, sports news, public news, political news, viral news, MP jansampark, Panna PRO, MP news, bhopal news, google trends, Crime news, live

