![]() |
| अजयगढ़ महाविद्यालय में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण |
पत्रकार: राजकुमार प्रजापति। अजयगढ़, पन्ना मध्यपदेश, 15 सितम्बर 2026
अजयगढ़ शासकीय महाविद्यालय में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम का सत्रारंभ समारोह संपन्न, माटी गणेश अभियान का दिया गया विशेष प्रशिक्षण।
Ajaygarh News: अजयगढ़ से आपका न्यूज स्टार के संवाद दाता राजकुमार प्रजापति कार्यक्रम स्थल उपस्थित रहे राजकुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय अजयगढ़ में नवीन प्रवेशित एवं पूर्व में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का भव्य उन्मुखीकरण एवं सत्रारंभ समारोह बड़े ही हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के सभागार में सुबह 11 बजे से किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, सभी परामर्शदाता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और समाज सेवा के प्रति समर्पण का संचार करने वाला रहा।
मां सरस्वती की वंदना से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संस्कृति और परंपरा के अनुसार विद्या की देवी मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। दीप प्रज्वलन का कार्य मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के वरिष्ठ अतिथि श्री दिनेश यादव, असिस्टेंट प्रोफेसर, समाजसेवी भोला प्रसाद गौतम एवं विकासखंड समन्वयक क्षमा खरे द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। दीप प्रज्वलन के बाद मां सरस्वती की वंदना की गई। इसके बाद मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की विकासखंड समन्वयक कु. क्षमा खरे द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल से स्वागत किया गया।
तिलक लगाकर किया नवप्रवेशी छात्रों का आत्मीय स्वागत
कार्यक्रम में एक विशेष और सराहनीय पहल देखने को मिली। परिषद की सीएम इंटर्न सुनीता देवी लोध द्वारा समस्त नवीन प्रवेशित विद्यार्थियों का रोली और चंदन का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। तिलक लगाकर स्वागत करने की इस परंपरा से सभी नए छात्र-छात्राएं काफी अभिभूत नजर आए और उनमें काफी उत्साह देखने को मिला। इससे उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि वे सिर्फ एक पाठ्यक्रम से नहीं जुड़े हैं, बल्कि एक परिवार से जुड़े हैं।
इसके बाद विकासखंड समन्वयक क्षमा खरे द्वारा कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्या है। उन्होंने विस्तार से बताया कि यह पाठ्यक्रम मध्य प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास करना और उन्हें समाज सेवा, राष्ट्र सेवा और सामुदायिक विकास से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि यह पाठ्यक्रम सिर्फ एक डिग्री या सर्टिफिकेट नहीं है, बल्कि यह युवाओं को जमीन से जुड़कर समाज के लिए काम करने की प्रेरणा देता है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से युवा अपने गांव और समाज की समस्याओं को समझते हैं और उनके समाधान के लिए शासन और समाज के बीच सेतु का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि इस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने के बाद विद्यार्थी को समाज में एक लीडर के रूप में तैयार किया जाता है।
अतिथियों ने की पाठ्यक्रम की सराहना, दिया मार्गदर्शन
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने अपने-अपने उद्बोधन में इस पाठ्यक्रम की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब युवा नशे और मोबाइल की लत में फंस रहे हैं, ऐसे में यह पाठ्यक्रम उन्हें सही दिशा दिखाने का काम कर रहा है। यह पाठ्यक्रम युवाओं को भटकने से बचाता है।
इस दौरान परामर्शदाता पंकज कुमार बाजपेई, किशन कुमार कुशवाहा, सुनील कुमार लोध, सुशील राजपूत एवं महेंद्र कुशवाहा द्वारा सभी विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेशन का कार्य किया गया। सभी छात्रों की प्रोफाइल को ऑनलाइन अपडेट किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को विद्यार्थी एप के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और उनके विषयों का चयन भी कराया गया। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि किस प्रकार वे एप के माध्यम से अपनी उपस्थिति, अपनी गतिविधियां, अपने द्वारा किए गए सामाजिक कार्य और अपने असाइनमेंट अपलोड कर सकते हैं। इस एप के माध्यम से ही उनका पूरा मूल्यांकन किया जाएगा।
नशा मुक्ति की दिलाई गई शपथ, युवाओं को किया जागरूक
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय महाविद्यालय अजयगढ़ के असिस्टेंट प्रोफेसर श्री दिनेश यादव ने सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने गांव, परिवार और समाज को भी नशे से मुक्त करने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना ही देश को बचाना है।
श्री यादव ने कहा कि नशा आज युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है। एक युवा जब नशे की चपेट में आता है तो पूरा परिवार बर्बाद हो जाता है। नशे के कारण अपराध बढ़ रहे हैं। इसलिए हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि आप सभी छात्र इस पाठ्यक्रम के ब्रांड एम्बेसडर हैं, आप अपने-अपने गांव में जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताएं। सभी छात्रों ने हाथ उठाकर और एक स्वर में नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रखने की शपथ ली।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। अतिथियों एवं विद्यार्थियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में नीम, पीपल, आम और बरगद के पौधे लगाए गए। सभी ने पौधों की देखभाल करने और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षा देने का संकल्प लिया। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला रहा।
इसके बाद उपस्थित अतिथियों द्वारा सभी विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से संबंधित पुस्तकों एवं स्टडी मटेरियल का वितरण किया गया। पुस्तकें पाकर छात्रों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। छात्रों ने कहा कि वे इन पुस्तकों का अध्ययन करके समाज सेवा के क्षेत्र में अच्छा कार्य करेंगे।
माटी गणेश, सिद्ध गणेश अभियान का दिया विशेष प्रशिक्षण
इस वर्ष के सत्रारंभ समारोह की सबसे खास और आकर्षक बात रही 'माटी गणेश, सिद्ध गणेश - हर घर गणेश, घर-घर गणेश' अभियान। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र द्वारा गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत प्रसिद्ध मूर्तिकार श्री जुगल प्रजापति द्वारा उपस्थित सभी विद्यार्थियों को मिट्टी से गणेश जी की मूर्ति बनाने का जीवंत प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि कैसे बिना किसी सांचे के सिर्फ अपने हाथों से, तालाब की चिकनी मिट्टी से सुंदर और आकर्षक इको-फ्रेंडली गणेश जी की मूर्ति बनाई जा सकती है। उन्होंने 10 मिनट में ही एक सुंदर गणेश जी की मूर्ति बनाकर सबको दिखाया। छात्र-छात्राओं ने भी उत्साह के साथ मिट्टी से गणेश जी की छोटी-छोटी मूर्तियां बनाईं।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक क्षमा खरे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं का निर्माण करना नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज में हर घर गणेश, घर-घर गणेश की भावना को और मजबूत करना है और पर्यावरण को बचाना है।
उन्होंने कहा कि बाजार में मिलने वाली पीओपी (Plaster of Paris) की मूर्तियों से हमारे तालाब, नदियां और जल स्रोत बुरी तरह प्रदूषित होते हैं। पीओपी पानी में घुलती नहीं है और सालों तक पानी में पड़ी रहती है। जबकि मिट्टी की मूर्ति पानी में आसानी से घुल जाती है और पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं होता। मिट्टी की मूर्ति का विसर्जन हम अपने घर में ही एक बाल्टी पानी में या गमले में कर सकते हैं और उसी मिट्टी से एक नया पौधा उगा सकते हैं।
इस वर्ष अभियान के अंतर्गत हर घर में अधिक से अधिक माटी के गणेश प्रतिमाओं के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। हमारा सभी छात्र-छात्राओं और नगरवासियों से आग्रह है कि इस वर्ष प्रत्येक परिवार माटी की गणेश प्रतिमा स्थापित करे और विसर्जन भी घर में ही करे। यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।
ये रहे उपस्थित, संचालन ने जीता दिल
कार्यक्रम में मुख्य रूप से समाजसेवी भोला प्रसाद गौतम, घनश्याम यादव, समस्त परामर्शदाता गण, नवांकुर संस्था प्रमुख महेंद्र कुमार यादव, वरिष्ठ छात्र रामकृष्ण एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के 80 से अधिक विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने पूरे मनोयोग से कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का सफल और प्रभावी संचालन परामर्शदाता पंकज कुमार बाजपेई द्वारा किया गया। उनकी संचालन शैली ने सभी का दिल जीत लिया। अंत में परामर्शदाता किशन लाल कुशवाहा द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, महाविद्यालय प्रबंधन, मीडिया बंधुओं एवं विद्यार्थियों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व पाठ्यक्रम क्या है?
यह मध्य प्रदेश शासन का एक डिप्लोमा पाठ्यक्रम है जो युवाओं को सामाजिक कार्यकर्ता बनाता है। इसमें युवाओं को ग्रामीण विकास, शासकीय योजनाओं, नेतृत्व और समाज सेवा की ट्रेनिंग दी जाती है।
हमारी टीम का विशेष आभार
संवाददाता: अजयगढ़, पन्ना से राजकुमार प्रजापति की विशेष रिपोर्ट।
लेखक / संपादक: राजेश कुमार पटेल (पन्ना, मध्य प्रदेश)
प्रकाशक: आपका न्यूज़ स्टार (पन्ना, मध्य प्रदेश)
